HomeBusinessCorporate Corporate

रिलायंस एनर्जी के शेयरों में बायबैक प्रक्रिया आज से

मुंबई.रिलायंस एनर्जी के शेयरों में बायबैक प्रक्रिया आज से  अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस एनर्जी में 2000 करोड़ रुपए के शेयरों की बायबैक प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होने जा रही है। वहीं शेयर बाजार में तीन चौथाई शेयर घाटे में रहने के बावजूद सेंसेक्स ने सोमवार को करीब 300 अंक का सुधार किया है।

रिलायंस एनर्जी ने सोमवार को बीएसई को बताया है कि बायबैक आफर खुलने की तारीख 25 मार्च कर दी गई है। यह आफर 4 अप्रैल 2009 को बंद होगा। कंपनी बोर्ड ने 5 मार्च 2008 को बायबैक के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। बायबैक अधिकतम 1,600 रुपए प्रति शेयर के भाव से होगा। यह कीमत कंपनी की बोर्ड बैठक के दिन के बंद भाव से 10 फीसदी अधिक है।

छोटे-मझोले शेयरों से दूर निवेशक
करीब 80 फीसदी शेयरों में गिरावट के बावजूद सेंसेक्स में सुधार दर्शाता है कि निवेशकों ने अभी भी छोटे और मझोले शेयरों से दूरी बना रखी है। अभी ब्लूचिप शेयरों में ही कारोबार कर रहे हैं। सोमवार को सेंसेक्स से जुड़े स्मालकैप और मिडकैप इंडेक्स क्रमश: 3.77 और 2.66 फीसदी गिरकर बंद हुए।

बीएसई में कुल कामकाज वाले 2717 शेयरों में से 79.09 फीसदी शेयर जहां गिरावट के शिकार हुए वहीं मुनाफे में बंद होने वाले शेयरों का प्रतिशत महज 19.69 फीसदी रहा। सेंसेक्स की तीस कंपनियों में 22 कंपनियों के शेयर मुनाफे में बंद हुए।

क्या होगा:
विश्लेषक बाजार में अभी और गिरावट का अंदेशा जताते हुए निवेशकों को ऊपरी स्तरों पर बिकवाली की सलाह दे रहे हैं। कारोबारियों का कहना है कि 27 मार्च को डेरिवेटिव सौदों की अंतिम तिथि नजदीक आने से बाजार की अस्थिरता और बढ़ेगी।

विश्व बाजार का हाल:
एशियाई बाजारों में सोमवार को मिला जुला रुख रहा। ताईवान, सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के प्रमुख सूचकांक 0.50 फीसदी से लेकर 3.99 फीसदी बढ़त के साथ बंद हुए। चीन के शंघाई कंपोजिट इंडेक्स में 4.49 फीसदी की गिरावट रही वहीं जापान का निक्केई 225 सूचकांक 0.02 फीसदी नीचे बंद हुआ।

* निवेशकों को इस समय फ्रंटलाइन शेयरों में खरीदी करनी चाहिए। बाजार ने निचले स्तरों को नहीं छुआ है। निवेशकों को कारोबार में सावधानी बरतनी चाहिए।
- शेषाद्री भारतन, डॉने डे एवी फाइनेंशियल

शॉर्ट सेलिंग 21 अप्रैल से शुरू:
पांच सालों के बाद भारतीय पूंजी बाजार में अगली पीढ़ी का सुधार लागू होने जा रहा है। पांच साल पहले डेरिवेटिव वर्ग में स्क्रीन आधारित सौदों की शुरुआत हुई थी। तीन साल की सुनवाई के बाद अब 21 अप्रैल से देश के शेयर बाजारों में शॉर्ट सेलिंग शुरू हो जाएगी। इसे देश के सेकंडरी बाजार में बड़ा बदलाव लाने की शुरुआत कहा जा रहा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: