HomeManoranjanCinemaBollywood Bollywood

सलमान का अपमान

सलमान का अपमान स्टार बन जाने के बाद व्यक्ति के मन में स्वत: ही यह भावना जन्म ले लेती है कि वह जहां भी जाए, वहां उसका सम्मान होना चाहिए। यही नहीं, स्टारडम के बाद सम्मान लेने की आदत भी बन जाती है और यदि कभी इसमें कोई चूक हो जाए, तो स्टार दिल को बड़ी ठेस पहुंचती है। ऐसा ही कुछ अपने सल्लू मियां यानी सलमान खान के साथ भी हुआ। वैसे सलमान जहां भी जाते हैं, वहां उनका जोरदार स्वागत होता है और लोग उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब होते हैं। वे ऑफ द स्टेज रहें तो भी अपने हुनर से ऑन द स्टेज हो ही जाते हैं, लेकिन इस बार मामला उलट ही रहा।

हाल ही में सलमान हैदराबाद पहुंचे थे। यहां उन्हें नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के उद्घाटन के लिए बतौर अतिथि बुलाया गया था, लेकिन कार्यक्रम के दौरान आयोजकों द्वारा उनकी पूरी तरह से अनदेखी की गई। बस इसी बात ने उन्हें बेहद दुखी कर दिया। एयरपोर्ट कॉम्पलेक्स में हुए रंगारंग कार्यक्रम ने तो लोगों को खूब लुभाया, लेकिन सलमान को कोई तवज्जो नहीं मिली। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच अभिनेत्री दीया मिर्जा ने कार्यक्रम का संचालन किया।

सलमान शेड्यूल के मुताबिक ठीक शाम 3 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए थे। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीवगांधी के नाम पर बना यह एयरपोर्ट हैदराबाद के लिए खास होगा। इस मौके पर सोनिया गांधी, नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल और आंध्रप्रदेश के मुख्यमंत्री जैसे वरिष्ठ नेता देर से ही पहुंच सके। ये सभी नेता करीब साढ़े चार बजे कार्यक्रम में पहुंचे।

सूत्रों के मुताबिक इस बीच सल्लू मियां बड़े-बड़े नेताओं की बांट जोहते हुए नजर आए। हमेशा जल्दी में रहने वाले सलमान को इस दौरान काफी धैर्य रखना पड़ा। उस पर भी आलम यह था कि सलमान को छठी पंक्ति में बैठने के लिए कहा गया और वे खास होते हुए भी आम लोगों के लगभग करीब ही बैठे नजर आए। और तो और, स्टेज की संचालिका दीया मिर्जा द्वारा एक बार भी उनका नाम नहीं पुकारा गया। यह न सोचिए कि दीया ने सलमान को अपमानित करने के लिए ऐसा किया, बल्कि दीया को दी गई स्क्रिप्ट के अनुसार ही संचालन करना था अत: वे मजबूर थीं। स्टेज कार्यक्रम के बाद भी सलमान के साथ कुछ ठीक नहीं हुआ और किसी भी नेता ने उनसे बातचीत करने की जेहमत नहीं उठाई।

सूत्रों के मुताबिक इस मौके पर सलमान के चेहरे पर बेचारगी नजर आ रही थी। नायक होते हुए उन्होंने इस अपमान को चुपचाप सहन किया और छोटा सा मुंह लेकर करीब छह बजे आयोजन स्थल से रवाना हो गए। आयोजकों के व्यवहार से ऐसा लग रहा था कि उन्हें इस बात की खबर ही नहीं थी कि सलमान वहां पिछले तीन घंटों से बठे हुए हैं। इसके बाद तो सलमान ने फ्लाइट पकड़कर मुंबई लौटने में ही भलाई समझी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: