भोपाल. कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई की नवगठित कार्यकारिणी में सदस्य बनाए गए पूर्व सांसद गुफराने आजम ने पद से इस्तीफा दे दिया है। श्री आजम ने कांग्रेस महासचिव और मध्यप्रदेश के प्रभारी वी नारायण सामी तथा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पचौरी को त्यागपत्र भेज कर कहा है कि कार्यकारिणी में महिलाओं की संख्या बहुत कम है।
इसलिए उनके स्थान पर किसी महिला नेत्री को सदस्य बनाया जाए। पूर्व सांसद ने यहां जारी बयान में कहा कि पार्टी को जब भी उनकी आवश्यकता होगी और उन्हें आमंत्रित किया जाएगा, वह सदैव उपस्थित रहेंगे। श्री पचौरी की अगुवाई में नवगठित कार्यकारिणी के खिलाफ असंतोष का स्वर बुलंद करने वाले श्री आजम पहले नेता हैं।