जयपुर/नई दिल्ली.
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी 3 अप्रैल को एक दिवसीय दौरे पर आदिवासी बहुल डूंगरपुर जिले के बेणोश्वर धाम पहुंचेंगी। वहां वे जनसभा को संबोधित कर राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी के प्रचार अभियान का श्रीगणोश करेंगी।
राजस्थान कांग्रेस की दिल्ली में हुई समन्वय समिति की बैठक के बाद सोनिया से मिले नेताओं ने कार्यक्रम की जानकारी दी है। कांग्रेस अध्यक्ष ने एकजुटता की नसीहत भी दी। समन्वय समिति की लगभग तीन घंटे तक चली बैठक के बाद जब प्रदेश के नेता सोनिया से मिलने पहुंचे तो उन्होंने दो टूक कहा कि वे आपसी गिले-शिकवे भूलकर चुनावी तैयारी में जुट जाएं।
समन्वय समिति की बैठक में कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत, मुकुल वासनिक, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, हेमाराम चौधरी, शिवचरण माथुर,जगन्नाथ पहाड़िया, नारायण सिंह, बीडी कल्ला, कमला देवी आदि ने हिस्सा लिया। जबकि सचिन पायलट,जीतेन्द्र सिंह, शीशराम ओला और परसराम मदेरणा बैठक में शामिल नहीं हुए।