बीकानेर. राज्य में संचालित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डाइट्स) में व्याख्याताओं को लगाने की तैयारी की जा रही है। व्याख्याताओं का चयन वॉक-इन-इंटरव्यू के आधार पर पैनल बनाकर किया जाएगा।
स्कूल एवं संस्कृत शिक्षा विभाग के प्रमुख शासन सचिव सुधीर भार्गव ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। इसके लिए संभाग स्तर पर उप निदेशक की अध्यक्षता में चयन समितियों का गठन किया गया है। माध्यमिक शिक्षा आयुक्त के प्रतिनिधि, निदेशक राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान उदयपुर, संबंधित जिले की डाइट के प्राचार्य, आयुक्त राज्य प्रारंभिक शिक्षा परिषद के प्रतिनिधि को सदस्य तथा डीईओ व पदेन जिला परियोजना समन्वयक को सदस्य सचिव मनोनीत किया गया है।
यह समिति व्याख्याताओं के चयन के साथ-साथ डाइट्स में चल रहे उप प्रधानाचार्य एवं वरिष्ठ व्याख्याताओं के पदों के लिए भी वॉक-इन-इंटरव्यू की कार्रवाई कर योग्य आशार्थियों के नाम प्रस्तावित करेगी। प्रत्येक पद के लिए तीन व्याख्याताओं का पैनल बनाया जाएगा। साक्षात्कार के बाद योग्य आशार्थियों के नाम राज्य स्तर पर गठित चयन समिति को प्रस्तुत किए जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार पैनल में नामों के परीक्षण के बाद व्याख्याताओं व उप प्रधानाचार्यो का चयन राज्य प्रारंभिक शिक्षा परिषद, सर्व शिक्षा अभियान के आयुक्त की अध्यक्षता में गठित समिति करेगी।
समिति में प्रारंभिक शिक्षा आयुक्त, अतिरिक्त निदेशक (प्रशासन) माध्यमिक शिक्षा, निदेशक एसआईईआरटी उदयपुर सदस्य तथा राज्य प्रारंभिक शिक्षा परिषद के अतिरिक्त निदेशक को सदस्य सचिव मनोनीत किया है। डाइट्स प्राचार्य के रिक्त पदों के विरुद्ध वॉक-इन-इंटरव्यू के आधार पर चयन के अधिकार भी राज्य कमेटी को दिए गए हैं। अंतिम सूची राज्य सरकार के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत की जाएगी।
डीपीईपी को समन्वयक बनाया
डाइट्स में प्राचार्य, उप प्राचार्य, वरिष्ठ व्याख्याता और व्याख्याताओं के चयन के लिए राज्य प्रारंभिक शिक्षा परिषद को समन्वयक बनाया गया है। परिषद के आयुक्त को चयन समितियों के लिए विस्तृत आदेश जारी करने, दिशा-निर्देश देने तथा आकस्मिक रूप से उत्पन्न परिस्थितियों के अनुरूप किसी स्थान पर चयन समिति की संरचना में परिवर्तन के लिए अधिकृत किया गया है। समिति में आयुक्त की भूमिका सदस्य के रूप में ही रहेगी।
व्याख्याताओं के अनेक पद रिक्त
राज्य की डाइट्स में व्याख्याताओं के अनेक पद रिक्त पड़े हैं। डाइट्स में व्याख्याताओं के पदों की संख्या छह से 13 तक है। इसके अलावा चार वरिष्ठ व्याख्याता, एक-एक उप प्राचार्य व प्राचार्य का पद है। जानकारी के अनुसार डाइट्स में व्याख्याताओं के पद आधे से अधिक रिक्त पड़े हैं। बीकानेर डाइट में ही सात पद रिक्त हैं। कला व वाणिज्य विषय का एक भी व्याख्याता नहीं है। कमोबेस ऐसे ही हालात अन्य डाइट्स में भी हैं। यही कारण है कि एसटीसी करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को सभी विषयों का प्रशिक्षण नहीं मिल पाता।
डाइट्स में व्याख्याताओं के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विज्ञप्ति जारी हो चुकी है। रिक्त पदों पर शीघ्र ही व्याख्याता लगाए जाएंगे।
-शुभ्रासिंह, आयुक्त, प्रारंभिक शिक्षा परिषद