अजमेर. जौंसगंज चौराहे के पास रविवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में कैरिज कारखाने के वैलफेयर इंस्पेक्टर की मौत हो गई। उसकी लाश सड़क पर पड़ी मिली। पुलिस मौत का कारण बीमारी या फिर शराब के नशे में गिरने से मान रही है, लेकिन मृतक के घरवालों ने हत्या का शक जाहिर किया है।
पुलिस को रविवार रात ढाई बजे रामगंज चौकी पर सूचना मिली कि जौंसगंज चौराहे के पास पांच बंगला मार्ग पर लाश पड़ी है। मृतक के सिर से खून रिस रहा था। सोमवार शाम को कैरिज वर्कशॉप के कर्मचारियों ने मृतक की पहचान न्यू गोविंद नगर निवासी अजयकुमार गुप्ता (52) पुत्र सत्यनारायण गुप्ता के तौर पर की। गुप्ता कैरिज वर्कशॉप में वैलफेयर इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत था। पोस्टमार्टम मंगलवार को कराया जाएगा।
बाइक, मोबाइल, पर्स गायब
मृतक अजयकुमार गुप्ता के चचेरे भाई राजीव गुप्ता ने हत्या का शक जाहिर किया है। राजीव ने बताया कि रविवार को अजय कैरिज खेल ग्राउंड में साथी वैलफेयर इंस्पेक्टरों की पार्टी में शामिल था। रात करीब दस बजे वह पार्टी से मोटर साइकिल पर रवाना हुआ था। इसके बाद करीब ढाई बजे उसकी लाश मिली। गुप्ता की मोटरसाइकिल, मोबाइल और जेब से पर्स गायब होने से हत्या का शक पुख्ता होता है। राजीव और उसके घरवालों ने संदिग्ध लोगों के बारे में भी पुलिस को जानकारी दी है। राजीव ने यह भी आशंका जाहिर की है कि संभवत: गश खाकर गिरने से अजय की मौत हुई है।
पुत्रियां ससुराल में, बेटा विदेश
संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का शिकार अजय कुमार गुप्ता की दो पुत्रियां और एक पुत्र है। पुत्रियों की शादी हो चुकी है, जबकि बेटा रजत गुप्ता इंग्लैंड में प्राइवेट कंपनी में कार्यरत है।