bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

‘एमएलए पर भी चले अनुशासन का डंडा’

केकड़ी. केकड़ी विधायक की भाजपा मंडल महामंत्री से तकरार का मामला। पद से हटाए जाने की कार्यवाही पर कहा, धोबी की गाली के जवाब में की थी गोली मारने की बात।

विधायक गोपाललाल धोबी पर भ्रष्टाचार और कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाने वाले भारतीय जनता पार्टी के केकड़ी मंडल के महामंत्री रामनिवास तेली को अपने पद से हाथ धोना पड़ सकता है।

पार्टी के देहात अध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा द्वारा स्पष्टीकरण तलब किए जाने के जवाब में मंडल अध्यक्ष बलराज मेहरचंदानी ने तेली को पद से हटाने की सिफारिश की है। इस बीच, तेली ने कहा है कि उन पर कार्रवाई होती है तो गाली-गलौज करने वाले विधायक धोबी को भी बख्शा नहीं जाना चाहिए। उनका कहना है कि विधायक ने गालियां दीं, तो उनके मुंह से गोली मारने की बात निकल गई।

भाजपा के होली मिलन समारोह में विधायक गोपाल धोबी और मंडल महामंत्री रामनिवास तेली के बीच हुई गाली-गलौज की खबर भास्कर में प्रकाशित होने के बाद देहात अध्यक्ष विधायक देवीशंकर भूतड़ा ने मंडल अध्यक्ष बलराज मेहरचंदानी ने तथ्यात्मक रिपोर्ट और मंडल महामंत्री तेली से स्पष्टीकरण तलब किया है। विधायक गोपाल धोबी ने भास्कर को बताया कि स्नेह-मिलन समारोह में उन्हें मंडल अध्यक्ष ने बुलाया था। वहां मेरे साथ बदतमीजी हुई, तो मंडल अध्यक्ष और देहात अध्यक्ष, दोनों को इसकी शिकायत की है। विधायक ने सफाई दी कि उन्होंने किसी से गाली-गलौज नहीं की थी।

इस बीच, देहात अध्यक्ष देवीशंकर भूतड़ा ने बताया कि उन्होंने मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री, दोनों से स्पष्टीकरण मांगा है। उनके जवाब के बाद अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। मंडल अध्यक्ष बलराज मेहरचंदानी का कहना है कि तेली ने अनुशासनहीनता की है, उन्हें पद से हटाने के लिए देहात जिला अध्यक्ष से अनुशंसा की गई है।

‘हम तो आज भी मिले थे’

गोली मारे जाने का बयान देने वाले मंडल महामंत्री रामनिवास तेली ने ‘भास्कर’ को बताया कि विधायक धोबी ने जब गालियां दीं तो जवाब में उन्होंने भी गोली मारे जाने की बात कह दी। तेली ने सफाई दी कि भाजपा परिवार की तरह है, वे आज ही बघेरा के पशु मेले में विधायक धोबी से मिले थे, दोनों ने साथ चाय भी पी, उन्हें कोई शिकायत नहीं है। उन्होंने कहा, यदि मेरे खिलाफ कार्रवाई होती है, तो गालियां देने के लिए विधायक पर भी कार्रवाई होनी चाहिए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: