HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

‘भारत में मुसलमान अल्पसंख्यक नहीं’

अजमेर.Najmaराज्यसभा सांसद नजमा हेपतुल्लाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की नजर में भारत में मुसलमान अल्पसंख्यक नहीं बल्कि बहुसंख्यक हैं जिनका देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान है। वे सोमवार को दरगाह जियारत के बाद खबरनवीसों से बातचीत कर रही थीं।

हेपतुल्लाह ने कहा कि पारसियों के बारे में बात करें तो उनके अल्पसंख्यक होने की समझ में आती है लेकिन मुस्लिम इस देश की आबादी का बड़ा हिस्सा हैं। इसलिए उन्हें अल्पसंख्यक कह कर अपने को दया के काबिल नहीं बनाएं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि पार्टी में अल्पसंख्यक मोर्चा इसलिए ही मौजूद है कि अल्पसंख्यक खुद इस खोल से बाहर नहीं निकल रहे। वे खुद इससे बाहर आ जाएंगे, पार्टी भी मोर्चा हटा देगी।

सीएम की तारीफ के पुल बांधे

हेपतुल्लाह ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की तारीफ के पुल बांधे। उन्होंने कहा कि राजे महिला सशक्तीकरण की दिशा में काफी काम कर रही है। पंचायतीराज संस्थाओं में महिलाओं को 50 फीसदी आरक्षण का वादा किया है। अल्पसंख्यकों के विकास के लिए भी काफी काम कर रही है। विशेषकर मदरसों के आधुनिकीकरण व कम्प्यूटरीकरण की दिशा में काम किए जा रहे हैं। राज्य में मदरसों में पहली बार मिड डे मील शुरू किया गया है। बोर्ड का बजट 4 करोड़ से बढ़ा कर 7 करोड़ कर दिया गया है।

बाड़े में बंद नहीं रहेंगे

नजमा हेपतुल्लाह ने कहा कि अगले चुनाव में उनकी पार्टी राज्य में अधिक सीटें जीतेगी। नए परिसीमन का लाभ उनकी पार्टी को मिलेगा। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों की समझ में आ चुका है कि उनकी दुर्दशा के लिए कौन सी और तरक्की के लिए कौन सी पार्टी जिम्मेदार है? कांग्रेस के कार्यकाल में अल्पसंख्यकों को केवल वक्फ बोर्ड का मंत्रालय सौंपा जाता था जबकि भाजपा ने सैयद शाहनवाज हुसैन को कैबिनेट मंत्री बनाया और राज्य सरकारों में भी उन्हें अच्छे मंत्री पद दिए गए।

नजमा ने दी दरगाह में हाजिरी

राज्यसभा सांसद नजमा हेपतुल्लाह ने सोमवार को दरगाह में हाजिरी दी। उन्होंने ख्वाजा साहब की मजार पर मखमल की चादर और अकीदत के फूल पेश कर भारतीय जनता पार्टी की कामयाबी के लिए मन्नत मांगी। उनके साथ मदरसा बोर्ड के अध्यक्ष हिदायत खां धौलिया, मारवाड़ मुस्लिम एज्युकेशनल सोसायटी के महासचिव अतीक मोहम्मद, दरगाह कमेटी के पूर्व सदस्य शौकत अंसारी और भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री वहीद खां थे। भाजपा सांसद को खादिम मुकद्दस मोईनी ने जियारत कराई। इससे पहले बुलंद दरवाजे पर दरगाह कमेटी की ओर से नाजिम अहमद रजा ने नजमा का इस्तकबाल किया। हेपतुल्लाह ने मन्नत पूरी होने पर दरगाह की छोटी देग भी पकवाई। इसे लोगों को तकसीम किया गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: