bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

चौकीदार को लाठियों से पीट-पीटकर मार डाला

शिवपुरी. जिले के पोहरी थानाक्षेत्र में भाईदौज की शाम भगवासा गांव में कुछ लोगों ने गांव के चौकीदार को लाठियों से पीट-पीटकर कर मार डाला। मृतक का शव आम रास्ते पर पड़ा मिला। पुलिस ने इस मामले में आधा दर्जन संदेहियों के खिलाफ धारा 302, 34 के तहत मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार बीती शाम करीब 4-5 बजे के बीच छोटा भगवासा और बड़े भगवासा के आम रास्ते पर सिद्ध बाबा के चबूतरे के पास पेड़ के नीचे गांव के चौकीदार हरीराम (50) पुत्र मिश्री खंगार की खून से सनी लाश गांव के लोगों को पड़ी मिली। सूचना मिलने पर मौके पर पोहरी एसडीओपी अमित वर्मा और टीआई आरडी मिश्रा मय बल के पहुंचे और शव को बरामद कर पीएम के लिए डेड हाउस भेजा।

इस मामले की प्रारंभ पड़ताल करने पर पता चला कि हरीराम से गांव के ही शिवदयाल खंगार का लंबे समय से चौकीदारी पद व जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा था। शिवदयाल शिकायतों के माध्यम से हरीराम को इस पद से हटवाकर खुद चौकीदार बनना चाहता था और इसके बाद सरकार से मिलने वाले वेतन एवं जमीन इत्यादि को भी वह पाना चाहता था, इसके चलते ही दोनों में विवाद की स्थिति थी।

इस विवाद के चलते ही शिवदयाल ने अपने साथियों प्रीतम धाकड़, श्रीलाल जाटव, अखैह सिंह, लल्लू और दुबैया खंगार के साथ मिलकर लाठी, लुहांगी से हरीराम पर हमला किया और उसे मौत के घाट उतारकर लाश आम रास्ते पर फेंक दी। पुलिस ने मृतक के परिजनों के आधार पर उक्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: