bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

पुजारी की पत्नी के बलात्कार पर दो गुट भिड़े

शिवपुरी. पोहरी अनुविभाग की भटनावर चौकी के अंतर्गत बीलवरा गांव में भाईदौज की देरशाम मंदिर के पुजारी की पत्नी के साथ बलात्कार की घटना को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष हो गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पुलिस ने इस मामले में बलात्कार, हत्या के दो अलग-अलग मामले दर्ज किए हैं।

जानकारी के अनुसार बीलवरा गांव में स्थित भगवान राधा-कृष्ण मंदिर के पुजारी रामनरेश शर्मा की पत्नी पार्वती (परिवर्तित नाम) बीती शाम करीब 4 बजे नदी पर पानी लेने गई थी, यहां मौका पाकर गांव के ही राजकुमार, अशोक व रमेश धाकड़ ने उसे दबोच लिया और दुष्कृत्य कर दिया। यह घटना जब पुजारी रामनरेश को पता चली तो वह चिल्लाया और उसने मित्रों जगदीश पुत्र नक्टूराम धाकड़, परसादी, माधौ सिंह आदि को बुला लिया।

बताया गया है कि इस घटना ने कुछ ही देर में तूल पकड़ लिया और जगदीश धाकड़ व गांव के दूसरे गुट मनीराम धाकड़ के बीच खूनी संघर्ष हो गया। पुलिस का कहना है कि बलात्कार का आरोप जिन लोगों पर लगाया जा रहा था, वे मनीराम गुट के होने के कारण हालात बिगड़ गए।

स्थिति यह बनी कि एक-दूसरे पर जमकर लाठी, फरसे चलाए गए। इस संघर्ष में जगदीश पुत्र नक्टूराम वर्मा के अलावा उसके चाचा परसादीलाल (60) वर्ष पुत्र पुन्नालाल व उसके पुत्र माधौ सिंह (35) वर्ष को चोटें आईं। जबकि दूसरे पक्ष से मनीराम, राजकुमार, अशोक एवं दो अन्य को चोटें आईं।

सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पोहरी थाना पुलिस व खुद एसपी दिनेशचंद्र शर्मा पहुंचे और उन्होंने गांव में व्याप्त तनाव को दूर करते हुए दोनों पक्षों के घायलों का इलाज करान के लिए उन्हें पोहरी अस्पताल भेजा। चूंकि परसादीलाल के सिर में गंभीर चोट आई थी, इसलिए उसे उपचार के लिए शिवपुरी जिला चिकित्सालय रैफर किया गया, पर चिकित्सक द्वारा उसे बचाया नहीं जा सका।

पोहरी थाना पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम में पुजारी की पत्नी की रिपोर्ट पर राजकुमार, अशोक व रमेश धाकड़ के खिलाफ धारा 376, 34 के तहत मामला दर्ज किया है, जबकि हत्या के मामले में फरियादी जगदीश पुत्र नक्टूराम धाकड़ की रिपोर्ट पर मनीराम, गजराज, महेन्द्र, राजकुमार, अशोक, पर्वत, सुरेश, रमेश, प्रकाश, सीताराम, नरेश, गोपाल, रामस्वरूप समेत कुल 17 लोगों के खिलाफ धारा 302, 147, 148, 149, 294, 34 के तहत मामला दर्ज किया है।

एक कहानी यह भी
धाकड़ जाति के दो गुटों में बीलवरा गांव में हुए खूनी संघर्ष के पीछे पुलिस एक कहानी राधाकृष्ण मंदिर से लगी 49 बीघा जमीन को लेकर बता रही है। पुलिस अफसरों का आफ द रिकार्ड कहना है कि रामनरेश मंदिर का पुजारी है और चूंकि मंदिर से 49 बीघा जमीन लगी हुई है, इसलिए वह हर साल इस जमीन पर खेती करने के लिए कुछ रुपए लेकर कई हिस्सों में उसे विभक्त कर गांव के ही लोगों को दे देता है।

रामनरेश का संपर्क जगदीश धाकड़ व उसके रिश्तेदारों व गुट के लोगों से है और वह अक्सर इन्हें ही जमीन देता आया है। इससे गांव के ही मनीराम धाकड़ का गुट खफा रहता है और वह मंदिर के पुजारी के रूप में रामनरेश को हटाकर प्रभूदयाल शर्मा निवासी श्योपुर गांव को बनाना चाहता है। इसी के चलते पूर्व से ही इन दोनों गुटों में तनातनी चली आ रही थी। इसके चलते ही बीती शाम ये दोनों गुट आमने-सामने आ गए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: