bhaskar Web English
HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

वांबे आवास ढहा दबने से दो मृत

भिलाई.accident रविवार रात 12 बजे खुर्सीपार स्थित बापूनगर में वांबे आवास योजना की निर्माणाधीन आवास धसकने से एक महिला और उसके 12 साल के पुत्र की मौत हो गई। बिफरे लोगों ने सोमवार को खुर्सीपार थाने का घेराव किया। पुलिस ने बिल्डिंग बनाने वाले ठेकेदार अवधेश चौहान को हिरासत में ले लिया है। हादसे की दंडाधिकारी जांच के आदेश दिए गए हैं।

हादसे में मृत महिला भगवंतीन (40) भवन के चौकीदार मुटरु प्रसाद की पत्नी थी। घटना के समय मुटरु भवन को देखने निकला था। उसकी पत्नी और बेटा रवि (12) निर्माणाधीन भवन में सोए थे। राउंड लगाकर लौटे मुटरु ने देखा कि ब्लाक की ऊपरी मंजिल की छत धसक चुकी थी। भवन के अंदर फंसी पत्नी और उसका बेटा मदद के लिए चिल्ला रहे थे।

मौत के मुंह में जा रही पत्नी और बेटे को देख मुटरु के हाथ-पैर फूल गए। शोर-शराबा सुनकर वहां पहुंच गए आसपास के लोग भी चौकीदार के साथ मलबा हटाने में जुट गए। बचाव कार्य चल ही रहा था कि इसी ब्लाक से लगा दूसरा ब्लाक धसक गया। देखते ही देखते दोनों भवन भरभरा कर ढह गए। अंदर काम कर रहे लोग बाल-बाल बचे। मलबे में दब जाने से भगवंतीन और रवि ने दम तोड़ दिया।

घटना से आक्रोशित लोगों ने सोमवार को खुर्सीपार थाने का घेराव किया और पीड़ित परिवार को पांच-पांच लाख रुपए मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग की। वे निगम कमिश्नर को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे।

कांग्रेसी पार्षदों ने भी कमिश्नर सहित निगम के अन्य अधिकारियों के खिलाफ 72 घंटे के भीतर अपराध दर्ज कर गिरफ्तार करने का अल्टीमेटम देते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है। लोगों ने नगर निगम पर घटिया निर्माण का आरोप लगाया है।

महापौर विद्यारतन भसीन पीड़ित परिवार से मिलने के लिए जब घटनास्थल पहुंचे तो उन्हें लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। लोग महापौर की बातें सुनने के लिए तैयार नहीं थे। लोगों के तेवर देख महापौर वापस लौट गए। लोक जनशक्ति के अरुण बेरी और उनके साथियों ने मोहल्ले के नागरिकों के साथ घटनास्थल पर धरना शुरू कर दिया।

उनका कहना है कि जब तक वांबे आवासीय योजना की निर्माणाधीन सभी बिल्डिंगों को गिराया नहीं जाता, धरना जारी रहेगा। कलेक्टर सुब्रत साहू ने दंडाधिकारी जांच के लिए एसडीएम छावनी अनिल वाजपेयी को जांच अधिकारी बनाया है। 15 दिन में जांच पूरी करने को कहा गया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: