News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. सार्वजनिक वितरण प्रणाली का राशन बेलगहना के नरेंद्र राइस मिल में उतारते पकड़े गए दो ट्रकों को एक-एक लाख की बैंक गारंटी पर मालिक की सुपुर्दगी में दिया गया है। छह माह पहले पुलिस व खाद्य विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए इन ट्रकों को जब्त किया था। मामला कलेक्टर कोर्ट में चल रहा है। दोनों ट्रक कोटा निवासी मनीष अग्रवाल के हैं। मामले में परिवहनकर्ता गजानन अग्रवाल का अनुबंध निरस्त किया जा चुका है।
नरेंद्र राइस मिल में दो ट्रकों को राशन का भंडारण करते पकड़ा गया था। ये दोनों ट्रक नागरिक आपूर्ति निगम के परिवहनकर्ता गजानन अग्रवाल ने भेजे थे, जो कोटा स्थित निगम के गोदाम से उचित मूल्य की दुकानों के लिए खाद्यान्न लेकर निकले थे। ड्राइवरों से संतोषजनक जवाब न मिलने पर इन्हें जब्त कर लिया गया, बाद में पता चला कि ट्रकों का खाद्यान्न शासकीय है, जिसे सरकारी दुकानों में बांटने के बजाय राइस मिल में रखा जा रहा था।
इनमें से एक ट्रक में 12961 क्विंटल चावल, 456 क्विंटल गेहूं, 546 क्विंटल शक्कर, 7 क्विंटल अमृत नमक और दूसरे में 8554 क्विंटल चावल, 60 किलो गेहूं, 350 क्विंटल शक्कर व 948 क्विंटल नमक जब्त किया गया था। दोनों ट्रक कोटा निवासी मनीष अग्रवाल के बताए गए।
इस मामले में एफआईआर दर्ज करवाकर परिवहनकर्ता गजानन अग्रवाल का परिवहन अनुबंध निरस्त कर दिया गया है। आज कलेक्टर सुबोध कुमार सिंह ने दोनों ट्रकों को एक-एक लाख की सक्षम बैंक गारंटी पर उसके मालिक के सुपुर्द करने का आदेश दिया है। मामले की सुनवाई कलेक्टर न्यायालय में होगी।