News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने ग्राम गौरव योजना (हमारा छत्तीसगढ़) के अंतर्गत जिले में अटल बाजार के निर्माण के लिए 3.50 करोड़ रुपए स्वीकृत किए हैं। इसमें से 1.40 करोड़ रुपए जिला पंचायत को प्राप्त हो चुके हैं। शेष राशि शीघ्र ही प्रदान की जाएगी। योजना के अंतर्गत जिले के 14 ग्रामों का चयन किया गया है।
पंचायत विभाग ने 5 हजार की आबादी वाले ग्राम पंचायतों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए 25 लाख की योजना बनाई है। इसमें 15 लाख रुपए बाजार के शेड व दुकानों के निर्माण तथा 10 लाख रुपए कांक्रीट सड़कों के निर्माण के लिए खर्च किए जाएंगे।
बताया जाता है कि शासन ने छत्तीसगढ़ राज्य की सौगात देने वाले तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति को अक्षुण रखने की दृष्टि से अटल चौक के बाद अटल बाजार के निर्माण की योजना बनाई है।
कुल मिलाकर सरकार अटलजी के नाम को आगामी चुनाव में भुनाने के लिए पीछे नहीं रहना चाहती। अटल चौक एवं बाजार की योजना पूरे प्रदेश में लागू की गई है। इसके लिए ग्राम पंचायतों को राशि मूलभूत मद से उपलब्ध कराई जा रही है।
इन गांवों में बनेंगे अटल बाजार
जिला पंचायत के प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रभात झा ने बताया कि जिले में अटल बाजार के निर्माण के लिए 14 ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है, जिनमें कोनी, मोपका, लिंगियाडीह, मंगला, सिरगिट्टी, बिरकोना, तिफरा, महमंद, मस्तूरी, सीपत, गतौरा, मल्हार, घुटकू व सकरी शामिल हैं।
ताला, मल्हार व मदकू के लिए 1.48 करोड़
ग्राम गौरव योजना के अंतर्गत जिले के एतिहासिक, धार्मिक एवं पुरातात्विक महत्व के स्थलों के विकास के लिए राज्य शासन द्वारा पहले ही 1.40 करोड़ रुपए स्वीकृत किए जा चुके हैं। योजना के अंतर्गत ताला, मल्हार एवं मदकूदीप में स्वीकृत राशि से सौंदर्यीकरण, विद्युतीकरण, पहुंच मार्ग निर्माण आदि का कार्य जोर-शोर से चल रहा है।