News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर.
टीबी उन्मूलन के लिए चलाया जा रहा राष्ट्रीय कार्यक्रम स्वास्थ्य मंत्री के गृहनगर में ही दम तोड़ गया, वह भी उनकी ही वजह से। स्वास्थ्य मंत्री इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में नहीं पहुंचे, लिहाजा कार्यक्रम नहीं हो सका और अंतत: कर्मचारी बैनर-पोस्टर उठाकर चलते बने। पौने तीन घंटे देर से जब मंत्री पहुंचे, तब तक डाक्टर व श्रोता अतिथियों की खाली कुर्सी देखकर लौट चुके थे।
सिम्स में विश्व क्षयरोग दिवस पर स्वास्थ्य एवं नगरीय कल्याण मंत्री अमर अग्रवाल के मुख्य आतिथ्य में क्षयरोग जिला नियंत्रण समिति व सिम्स प्रबंधन द्वारा दोपहर १ बजे से कार्यशाला का आयोजन किया गया था। विभाग व दूसरे विभाग के डाक्टर दोपहर दो बजे तक मुख्य अतिथि के आगमन का इंतजार करते रहे। दो बजे तक जब मुख्य अतिथि नहीं पहुंचे, तब डाक्टर व सभागृह में बैठे अन्य लोग एक-एक कर उठकर चले गए।
दोपहर बाद करीब 3.40 बजे स्वास्थ्य मंत्री सिम्स पहुंचे और सीधे कांफ्रेंस हाल में आयोजित नवगठित आटोनामस बाडी की बैठक में शामिल होने चले गए । इसके बाद सभाहाल की देखरेख में लगे कर्मचारी बैनर पोस्टर व दीप प्रज्जवलित करने के लिए मंच के सामने रखे दीये को समेटकर ले गए।
गौरतलब है कि क्षयरोग पर नियंत्रण व बीमारी की वर्तमान स्थिति पर चिंतन के लिए प्रतिवर्ष 24 मार्च को विश्व क्षयरोग दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर दीप प्रज्जवलित कर विभाग के जानकार विशेषज्ञ बीमारी के संक्रमण, लक्षण व इसके इलाज के संबंध में जानकारी देते हैं, और अतिथि से बीमारी पर नियंत्रण के लिए सहयोग मांगते हैं, लेकिन सिम्स में दिवस मनाने के नाम पर केवल तामझाम ही हुआ और कार्यक्रम हुआ ही नहीं। इस संबंध में सिम्स के प्रभारी डीन डा. एसके मोहंती से चर्चा का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने व्यस्तता का हवाला देकर फोन काट दिया।
>> विश्वक्षय रोग दिवस पर सिम्स प्रबंधन द्वारा सोमवार को एक कार्यशाला का आयोजन किया गया था। प्रभारी डीन डा. मोहंती ने इस कार्यक्रम की जिम्मेदारी अपने अधीनस्थ डा. पुनीत भारद्वाज को सौंपी थी, क्या हुआ पता नहीं।
डा. आरआर तिवारी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी
>> मुख्य अतिथि स्वास्थ्य मंत्री के आगमन का इंतजार कर रहे डाक्टर व श्रोता उठकर चले गए। इधर मंत्री भी सीधे बैठक में चले गए, जिसके कारण विश्व क्षय रोग दिवस पर आयोजित कार्यशाला हुई ही नहीं।
डा.पुनीत भारद्वाज श्वांस एवं टीबी रोग विभाग, सिम्स