हैम्बर्ग. आफिस में काम के दौरान सोना अब आपके बॉस को भी रास आएगा। शोधकर्ताओं के अनुसार काम के दौरान कुछ देर की नींद स्मरण शक्ति और उत्पादन क्षमता को बढ़ाती है।
समाचार एजेंसी डीपीए ने यूनिवर्सिटी आफ डसलडॉर्फ के शोधकर्ताओं के हवाले से बताया कि काम की थकान के बीच कुछ देर की नींद व्यक्ति को मानसिक रूप से चुस्त-दुरुस्त बना देती है।
छात्रों पर किए गए इस अध्ययन के दौरान शोधकर्ताओं ने उन्हें याद रखने के लिए तीस शब्दों की सूची दी। स्मरण शक्ति की परीक्षा से पहले उन्हें एक घंटा का समय दिया गया जिसमें कुछ छात्रों को सोने की अनुमति थी और कुछ को नहीं।
शोधकर्ताओं ने पाया कि जो छात्र कुछ समय के लिए सो गए उन्हें शब्दों की सूची बेहतर ढंग से याद रही। शोधकर्ताओं के अनुसार पहली बार यह पाया गया है कि कुछ देर की नींद स्मरण शक्ति को बढ़ाती है।
शोधकर्ता ओलाफ लाहल के अनुसार संभव है कि कम समय की नींद भी मानसिक स्फूर्ति और स्मरण शक्ति को बढ़ाने वाली प्रक्रिया की शुरूआत करती है जो जगने के बाद भी अपना असर दिखाती रहती है।