गुड़गांव.
असिस्टेंट कमिश्नर ऑफ पुलिस राजबीर सिंह की हत्या के बारे में गुड़गांव पुलिस ने आरोपी विजय भारद्वाज के हवाले से कहा है कि यह हत्या सोची-समझी साजिश के तहत जाल बुनकर की गई।
गुड़गांव पुलिस की प्रेस कांफ्रेंस में बताया गया कि आरोपी विजय ने पैसे के लेन-देन के मामले में दिल्ली के एनकाउंटर विशेषज्ञ राजबीर को मिलने के लिए बुलाया था। राजबीर पैसों के लिए विजय पर दबाव बना रहा था। मुलाकात के दौरान विजय ने अपने ड्राइवर व नौकर को बाहर भेज दिया था।
पुलिस ने कहा कि विजय ने बयान में कहा है कि उसने तीन दिन पहले राजबीर से ही एक प्राइवेट रिवॉल्वर ली थी। इसी 32 बोर की रिवॉल्वर से विजय ने राजबीर पर दो गोलियां चलाई हैं। पुलिस के मुताबिक विजय ने पहली गोली पीछे से चलाई और दूसरी गोली बगल से हालांकि ऐसी भी खबरें हैं कि एक गोली राजबीर के माथे पर भी लगी है।
पुलिस ने कहा है कि इस मामले में अभी विजय ने पूरा बयान नहीं दिया है और कुछ अन्य जानकारियां भी सामने आ सकती हैं। इस मामले में नौकर कृष्णा का नाम भी आ रहा है और पुलिस मान रही है कि कृष्णा गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभा सकता है।
पुलिस ने बताया है कि राजबीर और विजय के बीच 20 साल पुरानी जान-पहचान थी और विजय के अनुसार पिछले कुछ समय से पैसों के लिए राजबीर काफी दबाव बना रहा था और उसने विजय के परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी भी दी थी।
संबंधित खबरें
* आत्मरक्षा के लिए चलाई गोली
* एनकांउटर स्पेशलिस्ट की हत्या