पणजी. ब्रिटेन की पर्यटक स्कारलेट कीलिंग की संदेहास्पद मौत को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े होने के बाद गोवा के मुख्यमंत्री दिगंबर कामत का कहना है कि उनकी सरकार इस मामले की सीबीआई जांच के पक्ष में है।
इससे पहले स्कारलेट की मां फिओना ने आरोप लगाया था कि पुलिस स्कारलेट की मौत के सच पर परदा डालने की कोशिश कर रही है और इस मामले को सीबीआई के सुपुर्द करने की मांग भी फिओना ने की थी। कामत ने फिओना के आरोप को तो सिरे से नकार दिया था लेकिन अब वे उनकी मांग को मंजूर करने के पक्ष में आ गए हैं।
कामत ने आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि राज्य के नाम और पर्यटन उद्योग को खराब करने का सतत प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की इक्की दुक्की घटनाएं पूरे विश्व में देखने को मिलती रहती हैं, लेकिन पिछले 20 दिनों से मीडिया में राज्य के खिलाफ सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने सभी लोगों से एकजुट होकर खड़े होने को कहा जिससे कोई राज्य के हितों को प्रभावित न कर सके।
विधानसभा में अपने बयान में प्रदेश के गृह मंत्री रवि नायक ने कहा कि उन्हें सीबीआई जांच पर कोई आपत्ति नहीं है। उल्लेखनीय है कि फिओना ने गृह मंत्री नायक का संबंध ड्रग माफिया से होने का आरोप लगाया है। गृह मंत्री का यह बयान राज्य में ड्रग्स के कारोबार और कानून व्यवस्था की खराब होती स्थिति के विपक्षी पार्टियों के आरोप के बाद सामने आई है।
संबंधित खबरें
* नशे से नहीं हुई स्कारलेट की मौत
* स्कॉरलैट के पुरुष मित्र की गिरफ्तारी संभव
* स्कारलेट मामले के बावजूद ब्रिटिश गोवा पर फिदा
* स्कॉरलेट प्रकरण: सेमसन, प्लेसिडो पर रेप, हत्या का मामला
* स्कारलेट केस : डिसूजा ने हत्या का जुर्म कबूला