इंदौर. इंदौर विकास प्राधिकरण की स्कीम-134, 136 और 140 के लिए 9283 आवेदन फॉर्म आए हैं। इनकी जांच कर 28 मार्च को प्राधिकरण परिसर में अंतिम सूची चस्पा की जाएगी। इसके बाद तीनों स्कीमों के 600 और 800 स्क्वेयर फीट के प्लॉटों की लॉटरी 30 मार्च को नेहरू स्टेडियम में होगी।
प्राधिकरण सूत्रों का कहना है अब तक करीब 30 हजार फॉर्म बिकने का अनुमान है यानी 100 रुपए प्रति फॉर्म के हिसाब से प्राधिकरण को करीब 30 लाख रुपए की आय हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया 27 मार्च को फॉर्म जांच का काम पूरा कर अंतिम सूची बनाई जाएगी। इनमें आधे-अधूरे या गलत जानकारी फॉर्म निरस्त कर दिए जाएंगे। स्वीकृत फॉर्मो की अंतिम सूची 28 मार्च को प्राधिकरण भवन में लगाई जाएगी। यही सूची नेहरू स्टेडियम में होने वाली लॉटरी में भी लगेगी।
आवेदनों की जानकारी अभी नहीं
प्राधिकरण सूत्रों का कहना है तीनों स्कीमों के 2600 प्लॉटों के लिए आए 9283 आवेदनों के हिसाब से प्रति प्लॉट करीब चार आवेदन आए हैं। स्कीम-134 के 569, स्कीम-136 के 1507 और स्कीम-140 के 524 प्लॉटों की लॉटरी खुलना है। अभी आवेदनों का वर्गीकरण होना है इसलिए जांच के बाद ही पता चलेगा कि किस स्कीम के लिए कितने आवेदन आए हैं?
सर्वाधिक फॉर्म जमा करने वाले बैंक को प्रशंसा पत्र
पांच बैंकों में से सर्वाधिक फॉर्म जमा करने वाले बैंक ऑफ इंडिया को प्राधिकरण अध्यक्ष मधु वर्मा ने प्रशंसा पत्र दिया है। बैंक ने 3500 फॉर्म जमा किए हैं। अप्रैल में 1000, 1500 और 1800 स्क्वेयर फीट के प्लॉटों का लॉटरी प्रक्रिया से आवंटन होना है। इनके आवेदन भी इन्हीं बैंकों के माध्यम से बेचे जाने की तैयारी है।
इसलिए कम आए आवेदन
>> 15 साल तक प्लॉट नहीं बेचने की शर्त
>> चार साल के भीतर निर्माण करने की शर्त
>> कलेक्टोरेट से आय प्रमाण पत्र बनवाने में हुई सख्ती
>> हाईकोर्ट का आदेश जिसमें उसने स्कीम-136 और 140 के प्लॉट आवंटन पर रोक लगाई है
>> फॉर्म लेने और जमा करने के लिए 12 से 24 मार्च की अवधि। इनमें से चार दिन सरकारी छुट्टी रही इसलिए लोगों को औपचारिकताएं पूरी करने का पर्याप्त समय नहीं मिला