HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

फिर भी जारी है खरीद बिक्री

भोपाल. हर साल जमीनों के स्टाम्प शुल्क में पंद्रह से बीस प्रतिशत तक की बढ़ोतरी होने के बाद भी शहर में प्रापर्टी की खरीद फरोख्त की रफ्तार पर कोई असर नहीं पड़ा है। इस साल तो रजिस्ट्रियों की संख्या और उससे होने वाली आमदनी का नया रिकार्ड कायम होने की उम्मीद है।

जिला पंजीयक कार्यालय ने फरवरी तक हुई रजिस्ट्रियों और उससे हुई आय के आधार पर इस साल सवा दो अरब रुपए की आय का टारगेट हासिल करने की कवायद तेज कर दी है। महज तीन साल पहले तक जिले में शासन को रजिस्ट्रियों से राजस्व के रूप में जो आय होती थी, उनका आंकड़ा एक अरब से काफी पीछे रह जाता था, किंतु अब हर साल आय दो अरब के करीब होने लगी है।

जिले में साल-दर साल अचल संपत्ति की रजिस्ट्रियों की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। सबसे अधिक रजिस्ट्रियां जवाहर चौक स्थित कार्यालय में होती है। दूसरा नंबर शाहजहांनाबाद स्थित परी बाजार कार्यालय और तीसरा बैरसिया कार्यालय का है। जिला पंजीयक कार्यालय सूत्रों के अनुसार स्टाम्प शुल्क में पिछले एक दशक से लगातार पंद्रह से बीस प्रतिशत बढ़ोत्तरी होती आ रही है।

पुरानी लोकेशन वाली जमीनों व मकानों के रेट भी तेजी से बढ़े हैं। बावजूद इसके इनकी खरीद फरोख्त में ज्यादा तेजी नही आई है। इसका उदाहरण हर साल जिले के तीनों कार्यालयों में रजिस्ट्रियों की संख्या बढ़ना है। चालू माह मार्च में भी तेजी से रजिस्ट्रियां हो रही हैं। आगामी एक अप्रैल से स्टाम्प शुल्क में पच्चीस से तीस प्रतिशत तक की बढ़ोत्तरी प्रस्तावित है। आगामी 31 मार्च तक वर्तमान रेट से ही रजिस्ट्रियां की जा रही है। जिला कार्यालय का अनुमान है कि इस साल रजिस्ट्रियों की संख्या चालीस हजार तक पहुंच सकती है।

>> रजिस्ट्रियों से आमदनी

वर्ष ------- संख्या ------ आय

2001-02 - 20613 ---- 51.12 करोड़
02-03 --- 19828 ---- 56.38 करोड़
03-04 --- 22138 ---- 70.84 करोड़
04-05 --- 25522 ---- 96.78 करोड़
05-06 --- 31247 ---- 181 करोड़
06-07 --- 35779 ---- 173 करोड़
07-08 --- 34502 ---- 171 करोड़
(फरवरी तक)

इस साल शासन से जिले में स्टाम्प शुल्क से सवा दो अरब राजस्व आय का टारगेट मिला है। उम्मीद है, आगामी 31 मार्च तक टारगेट पूरा हो जाएगा।
-नगेंद्र शर्मा, जिला पंजीयक





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: