HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

फैसलों पर क्रियान्विति का जिम्मा अब पदाधिकारियों पर

जयपुर. प्रदेश भाजपा की बैठकों में लिए जाने वाले निर्णयों की क्रियान्विति के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदार बनाया जा रहा है। मंगलवार को प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में तय किया गया कि फैसलों को अमल में लाने में यदि कहीं कमी पाई जाती है तो इसके लिए सम्बंधित पदाधिकारी को उत्तरदायी माना जाएगा।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश माथुर की अध्यक्षता में हुई बैठक में पेश की गई जिलों की रिपोर्टो में तीन जिलों के संबंध में विपरीत टिप्पणियां मिली हैं। ये जिले जयपुर और चित्तौड़ प्रांत से जुड़े हैं। इन जिलों के अध्यक्ष बदलने पर तो विचार नहीं हुआ लेकिन प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों एवं प्रभारियों को भेजकर समझाइश के जरिए एक मौका देने पर सहमति हुई। विभिन्न मुद्दों के साथ इस बात पर खासतौर से जोर दिया गया कि आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक ताकत को बढ़ाया जाए।

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी ने बताया कि 31 मार्च और 1 अप्रैल को होने वाली कार्यसमिति की व्यवस्थाओं, एजेंडा तथा पेश किए जाने वाले राजनीतिक प्रस्ताव पर चर्चा खास तौर से की गई।

कार्यसमिति की बैठक माहेश्वरी समाज के भवन उत्सव में होगी। इसमें पूर्व केन्द्रीय मंत्री जसवंतसिंह, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वेंकैया नायडू, राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी गोपीनाथ मुंडे तथा राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री श्योदान सिंह भी शामिल होंगे।

संगठन महामंत्री रामलाल के भी इस बैठक में शामिल होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि बैठक में प्रदेश भर में चल रहे बूथ समितियों के गठन के कार्य, आजीवन सेवा निधि के कार्य तथा मई में होने वाले बूथ समितियों के विधानसभा वार सम्मेलनों की भी समीक्षा की गई। साथ ही तय किया गया कि 2 अप्रैल से 10 मई तक चलने वाले मुख्यमंत्री सर्वजन संबल अभियान में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सक्रिय रूप से भाग लेंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: