अजमेर. कलेक्ट्रेट पर डाक विभाग द्वारा लगाए गए दो दिवसीय डाक जीवन बीमा मेले में महकमे ने 55 लाख का कारोबार किया। मेले का समापन मंगलवार की शाम डाक प्रवर अधीक्षक केएस नारंग के मुख्य आतिथ्य हुआ।
विकास अधिकारी एसएन विजय के मुताबिक पहले दिन 20 तथा मंगलवार को दूसरे दिन 35 लाख रुपए के बीमा खोले। पॉलिसी खुलवाने वालों में सरकारी एवं अर्ध सरकारी संस्थाओं के 38 कर्मचारी शामिल हैं। नारंग ने कर्मचारियों को समय रहते सालाना लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
नहीं मिला उपहार
डाक निदेशक एसआर मीणा ने निर्देश के बावजूद बीमा करवाने वाले कर्मचारियों को विभाग की ओर से दिए जाने वाले उपहार उपलब्ध नहीं कराए गए। प्रवर डाक अधीक्षक केएस नारंग ने पर्स और पेन वितरित करने के लिए मेला प्रभारी महेंद्र सिंह फरेरा को कहा था। उपहार नहीं बंटने की जानकारी मिलने पर नारंग भड़क गए। उन्होंने कर्मचारियों से कहा कि ऐसी लापरवाही से महकमे की साख पर वितरित प्रभाव पड़ता है।
एक ही दिन में 75.66 लाख टैक्स जमा
परिवहन महकमे में मंगलवार को भार वाहनों का सालाना टैक्स जमा कराने वालों की भीड़ लगी रही। एक ही दिन में बतौर टैक्स 75 लाख 66 हजार रुपए जमा किए गए। वाहन मालिकों की भीड़ और आखिरी तारीख को देखते हुए दफ्तर में शाम साढ़े पांच बजे तक काम हुआ। आम तौर पर रोकड़ शाखा चार बजे बंद हो जाती है। वर्ष 2009 का अग्रिम टैक्स जमा करने की मंगलवार को आखिरी तारीख थी। भार वाहनों का एक साल का अग्रिम टैक्स जमा करने का प्रावधान है।
आरटीओ हरिप्रसाद मिश्रा ने बताया कि बुधवार से टैक्स जमा कराने वाले वाहन मालिकों को डेढ़ प्रतिशत पेनल्टी देनी पड़ेगी। टैक्स जमा कराने में दो महीने का विलंब होने पर पेनल्टी तीन फीसदी हो जाएगी।