Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
आजकल शाहरुख खान भी दूसरों पर निशाना साधकर उनका मजाक उड़ा रहे हैं। वैसे शाहरुख का बड़प्पन इस बात में भी है कि गलती का अहसास होने पर वे माफी मांगने से नहीं हिचकते।
शाहरुख खान अब अपनी गुस्ताखियों के लिए भी चर्चा में आ रहे हैं। अमिताभ और अमरसिंह से उन्होंने पंगा लिया ही था। बाद में उनकी पत्नी गौरी को मामला सुलझाने के लिए आगे आना पड़ा था। फिल्म ‘ओम शांति ओम’ में मनोज कुमार का मजाक उड़ाकर विवाद में फंसे शाहरुख ने बाद में माफी मांग ली थी और वरिष्ठ अभिनेता मनोज कुमार के घर जाकर सॉरी कहा था।
अब एक बार फिर उन्होंने फिल्म जगत की एक दिग्गज हस्ती को सॉरी कहा है। इस क्षमायाचना में इस बार उनके साथ गुस्ताखी करने वाले सैफ अली खान भी हैं।
हाल ही में शाहरुख और सैफ ने एक फिल्म पुरस्कार समारोह में कई फिल्मकारों का बुरी तरह मजाक उड़ाया था और फिल्म समीक्षकों को भी बुरा-भला कहा था। समारोह में इन दोनों ने विधु विनोद चोपड़ा की फिल्म एकलव्य को ‘ना-रियल कम बैक’ अवार्ड दिया और कहा कि रायल गार्ड आस्कर से बिना पहचान बनाए वापस लौटे।
समारोह के दौरान विधु मुंबई में नहीं थे। एक चैनल पर शो दिखाया गया और विधु के घरवालों ने इसे देखा और वह दुखी हो गए। उन्होंने विधु से बात की। विधु ने तुरंत ही आयोजकों और चैनल को पत्र लिखकर माफी मांगने के लिए कहा।
विधु ने पत्र में लिखा कि वह आयोजकों के किसी भी पुरस्कार समारोह में हिस्सा नहीं लेंगे और चैनल को उनकी फिल्मों का इनपुट भी नहीं देंगे। विधु के इस पत्र की जानकारी मिलते ही शाहरुख और सैफ ने मामला और न बढ़े, इसलिए तुरंत ही विधु से बात कर माफी मांग ली। अब किंग खान को कौन समझाए कि वे ऐसे काम ही क्यों करते हैं कि बाद में सॉरी कहना पड़े।