News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. मानस भवन के बाद अब गांधीपार्क मैदान में भव्य मैरिज हाल बनने जा रहा है। नगरपालिका ने मैरिज हाल निर्माण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। सिर्फ शादियों के मकसद से बनाए जा रहे इस भवन की लागत का तो ठीक से खुलासा नहीं हो सका है, लेकिन बताया जाता है उसमें वे सभी सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी, जो कि एक अच्छी शादी-समारोह के आवश्यक है।
मैरिज हाल बनने के बाद गांधीपार्क मैदान में दो-दो भव्य इमारतें दिखाई देंगी, क्योंकि यहां पर लगभग 50 लाख रुपए की लागत से मानस भवन पहले से ही बना हुआ है। एक और नई इमारत के बनने के बाद इस स्थान की महत्ता तो बढ़ जाएगी, लेकिन इसके एवज में एक स्कूल का नाम हमेशा से मिट जाएगा। ऐसा इसलिए कि गांधीपार्क मैदान में जिस जगह यह मैरिज हाल बनने जा रहा है, वहां पर पहले से एक पुराना स्कूल भवन हैं।
जिस स्कूल में पढ़कर कई लोग अच्छा मुकाम हासिल कर चुके हैं और उसकी पुरानी इमारत को देखकर जिनकी छात्र जीवन की यादें ताजा हो जाती हैं, उसे तोड़कर ही आधुनिक मैरिज हाल बनाया जा रहा है। यह दीगर बात है कि पुराने जमाने का यह स्कूल अब सुनसान पड़ा है और उसका उपयोग सिर्फ गांधीपार्क में मैदान में होने वाले विवाह समारोह के सामान के भण्डारण के रूप में किया जाता है।
नगरपालिका ने गांधीपार्क मैदान में होने वाले शादी-विवाह समारोह के अलावा कई अन्य बड़े आयोजनों को देखते हुए स्कूल भवन की इमारत पर मैरिज हाल बनाने का निर्णय लिया है। इसकी एक वजह यह भी बताई जाती है कि जब से इस मैदान में मानस भवन बना है, तब से उसमें आयोजनों की बाढ़ सी आ गई
पहली पसंद हैं गांधीपार्क
शहर में यूं तो कई मैदान और मैरिज हाल हैं, लेकिन गांधीपार्क का अपना अलग ही महत्व है। यही कारण है कि शहर के महत्वपूर्ण लोगों की गांधीपार्क मैदान पहली पसंद रहा है। ऐसे लोगों के यहां कोई शादी-समारोह होता है, तो सबसे पहले गांधीपार्क मैदान को प्राथमिकता देते हैं। जब यह स्थान खाली नहीं होता, तभी शहर की क्रीम माने जाने वाले लोग दूसरे स्थान पर कोई आयोजन करते हैं।
इसके एक नहीं अनेक कारण है, लेकिन उनमें सबसे अहम यह है कि गांधीपार्क मैदान शहर के बीचोंबीच स्थित है, जिससे यहां होने वाले आयोजनों में शामिल होने वाले लोगों को परेशानी नहीं होती है। पर्याप्त जगह होने के कारण इस स्थान मनमाफिक डेकोरेशन भी हो जाती है, जबकि अन्य मैरिज हाल में साज-सज्जा उसी के अनुरूप होती है।