News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. मजदूरों का शोषण और ज्यादती बर्दाश्त नहीं हैं। इसको देखते हुए प्रदेश में मजदूरों के हित में सुरक्षा कार्ड योजना लागू की गई है। इस योजना के तहत अभी तक प्रदेश में पांच लाख से अधिक सुरक्षा कार्ड वितरित किए जा चुके हैं। यह बात प्रदेश के श्रम मंत्री जगदीश देवड़ा ने कुछ पत्रकारों से चर्चा के दौरान कही।
श्री देवड़ा ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य मजदूरों को सुरक्षा मुहैया कराना है। मजदूरों को सामाजिक सुरक्षा व काम मिले, इस पर सरकार गहन अध्ययन कर रही है। उन्होंने कहा कि मजदूर सुरक्षा योजना का विकेन्द्रीकरण कर इसे पंचायत स्तर तक ले जाया गया है। श्री देवड़ा ने कहा कि मजदूरों के हित में कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की हैं। भाजपा ही एक ऐसी सरकार है, जो हर वर्ग की सोचती है और उसके उत्थान के लिए कृत संकल्पित है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में संचालित कारखानों में व स्वतंत्र रूप से काम करने वाले मजदूरों की सूची बनवाई जा रही है। श्री देवड़ा ने कहा कि गरीब और उसकी मजदूरी की रक्षा करना पुण्य कार्य है,इस कार्य में सरकार कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
बाल श्रम मजदूरी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इसको रोकने के लिए कड़े से कड़े कदम उठा रही है, बाल श्रम कराने वालों पर कार्रवाई की जा रही है। बाल श्रम के प्र्रति श्रम मंत्रालय संवेदनशील है। देश का भविष्य समझे जाने वाले बच्चे बाल श्रम न कर स्कूल जाएं,इस दिशा में प्रदेश सरकार अभियान चला रही है।
मजदूरों के कार्ड समय पर बनवाएं
प्रदेश के श्रम मंत्री जगदीश देवड़ा से कई लोगों ने शिकायत की कि मजदूरों के कार्ड बनने में काफी देरी हो रही है, इस पर उन्होंने सहायक श्रमायुक्त पर नाराजगी जाहिर की और कहा कि इस कार्य में कोताही न बरती जाए। मजदूरों को कार्ड और योजना का लाभ मिले, इसके लिए शिविरों का आयोजन किया जाए। उन्होंने सहायक श्रमायुक्त से विभागीय गतिविधियों की जानकारी भी ली।
मंत्री से मिले भाजपाई
श्रम मंत्री जगदीश देवड़ा से भाजपा के शहर जिलाध्यक्ष अभय चौधरी व ग्रामीण जिलाध्यक्ष बज्जर सिंह गुर्जर के नेतृत्व में भाजपाजनों ने मुलाकात की। उनसे मुलाकात करने वालों में भांडेर विधानसभा क्षेत्र के विधायक कमला पत आर्य, मोहन विटवेकर, जयप्रकाश राजौरिया, देवेश शर्मा, आशुतोष माहेश्वरी, नीरज त्यागी, डा. सतीश सिंह सिकरवार, सोनू मंगल आदि शामिल थे।
आंग्रे के घर भी गए मंत्री
प्रदेश के श्रम मंत्री जगदीश देवड़ा अपने ग्वालियर प्रवास के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता संभाजी राव आंग्रे के निवास पर पहुंचे, और आंग्रे के निधन पर शोक व्यक्त किया। श्री देवड़ा के साथ भाजपा के ग्रामीण जिलाध्यक्ष बज्जर सिंह गुर्जर, संजीव शर्मा आदि मौजूद थे।