News
Chhattisgarh
Raipur Raipur दुगरूकोंदल/कांकेर. दुर्गूकोंदल ब्लाक के ग्राम भंडारडिगी में रहने वाले हरिराम मंडावी (20) को पिटाई के बाद निर्वस्त्र कर गांव में घुमाने का मामला सामने आया है। 20 मार्च को हुई घटना की रिपोर्ट सोमवार को दुगरूकोंदल थाने में की गई। पुलिस ने इस मामले में 10 में से 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
हरिराम पर करीब पांच किलो महुआ चोरी का आरोप है, जिसकी कीमत बमुश्किल 45-50 रुपए है। घटना के दिन दोपहर को मंडावी अपने खेत के कोठार में काम कर रहा था। तभी गांव के कुछ लोग वहां पहुंचे और उस पर महुआ चुराने का आरोप लगाया। वे उसे खींचते हुए टिगेलराम नरेटी के घर ले गए और हाथ-पैर बांधकर डंडों से बेदम पिटाई की। पिटाई से हरिराम बेहोश हो गया।
होश में आते ही आरोपी उसे गांव के रंगमंच तक घसीटते हुए ले गए। वहां युवक को निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया। साथ में एक व्यक्ति नगाड़ा बजाता चल रहा था, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस घटना को देखें। बेटे के अपमान को नहीं देख पाई हरिराम की मां ने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया। बुरी तरह से घायल हरि बार-बार पानी मांग रहा था, लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी।
हरिराम का कहना है कि विवाद कोठार में रखे उसके महुए को लेकर है। आरोपी इस महुए को अपना बता रहा था। एसपी रतनलाल डांगी का कहना है कि मामले की रिपोर्ट हुई है।
मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी कमलेश ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को भंडारडिगी में छापा मारकर नौ आरोपियों टिगेलराम नरेटी, मनेश नरेटी, धनसाय नरेटी, उपासराम नरेटी, राकेश नरेटी, हीरेश नरेटी, मानसिंह पुडो, खेमन उइके और जुगेश गावड़े को गिरफ्तार कर लिया। एक अन्य आरोपी गारू नरेटी फरार है। इनके खिलाफ धारा 147, 149, 323, 294 के तहत मामला दर्ज किया गया है।