HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

सलवा जुड़ूम शिविर एसएसबी के हवाले

नईदिल्ली/रायपुर. नक्सल विरोधी आंदोलन सलवा जुड़ूम राहत शिविरों की सुरक्षा अब पूरी तरह स्पेशल सिक्यूरिटी ब्यूरो (एसएसबी) के जिम्मे होगा। डीजीपी विश्वरंजन ने बताया कि एसएसबी के जवान तैनात होने के बाद सीआरपीएफ के जवानों को शिविरों से हटा दिया जाएगा। सीआरपीएफ को नक्सल मोर्चे पर लगाया जाएगा।

एसएसबी तैनात करने के केंद्र सरकार के फैसले पर अमल शुरू हो चुका है। एसएसबी के डीजी गोपाल शर्मा ने बताया कि एक बटालियन छत्तीसगढ़ में भेजी जा चुकी है। एक और भेजी जाएगी। बस्तर में इस समय 23 राहत शिविरों में करीब 48 हजार लोगों को ठहराया गया है।

इन राहत शिविरों में ज्यादातर वे आदिवासी हैं जिन्होंने नक्सलियों के खिलाफ आवाज बुलंद की है। इस कारण नक्सली इन शिविरों पर आए दिन हमला करते रहते हैं। पिछले साल नक्सलियों ने सीआरपीएफ के जवानों समेत 55 लोगों की हत्या कर दी थी। राहत शिविरों की सुरक्षा में सीआरपीएफ के जवानों को तैनात करने से नक्सल मोर्चे में जवानों की कमी हो रही है।

एसएसबी की एक और बटालियन आने के बाद ही सभी राहत शिविरों में एसएसबी के जवान तैनात किए जाएंगे। एसएसबी की तैनाती से राहत शिविरों में दूसरी मदद भी मिलने लगेगी। एसएसबी में डाक्टरों से लेकर शिक्षकों को शामिल करते हुए सिविल विंग होता है। इससे राहत शिविरों में प्रशासन को व्यवस्था बनाने में मदद भी मिलेगी।

डीजीपी विश्वरंजन ने बताया कि नक्सल मोर्चे पर सीआरपीएफ के जवानों की संख्या बढ़ाई जा रही है। दो बटालियन सीआरपीएफ की और आएंगी। सभी जवानों को मोर्चे में तैनात करने से नक्सल विरोधी अभियान में और तेजी आएगी।

महिला विंग भी
एसएसबी में शीघ्र ही महिला विंग भी होगा। एसएसबी के डीजी श्री शर्मा ने बताया कि महिला विंग को नेपाल और भूटान सीमा में तैनात किया जाएगा। इनका मुख्य काम तलाशी लेने का होगा। बल की खुफिया शाखा भी गठित की जाएगी। भारत की नेपाल और भूटान से लगी सीमा पर उल्फा और माओवादियों की बढ़ती हलचल को देखते हुए यह फैसला किया गया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला विंग को सलवा जुड़ूम भेजा जाएगा या नहीं।

तीन ग्रामीणों की हत्या
किरंदुल/कोंटा.

नक्सलियों ने सोमवार रात कोंटा ब्लाक में तीन ग्रामीणों की गोली मारकर हत्या कर दी। इनमें से दो जगरगुंडा स्थित सलवा जुड़ूम शिविर में रहते थे। हफ्ते भर पहले नक्सलियों ने उनका अपहरण कर लिया था। जगरगुंडा से 2 किमी दूर कोत्तागुड़म पुलिया के पास मिड़ियम पल्ली निवासी मड़कामी बैरागी (60) और माड़वी जोगा (45) के शव मिले।

एसडीओ विजय अग्रवाल ने बताया कि नक्सलियों ने दोनों को करीब से गोली मारी। सर्चिग पर निकली पुलिस टुकड़ी को मंगलवार सुबह कोंटा मार्ग पर बंडा नाले के करीब आंधप्रदेश की पंचायत चिड़मुड़ निवासी सोड़ी बोच्ची पिता सोड़ी सीता (22) की लाश मिली। बोच्ची के कंधे के पास गोलियों के तीन निशान मिले हैं। पुलिस का दावा है कि बोच्ची की हत्या भी नक्सलियों ने ही की है।

नक्सल आपरेशन की समीक्षा करेंगे जायसवाल
रायपुर.

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल बुधवार को रायपुर में नक्सल आपरेशन की समीक्षा करेंगे। संकेत हैं कि राज्य शासन की ओर से केंद्रीय मदद मिलने में हो रही देर का मामला उठाया जाएगा।

पिछले महीने केंद्रीय गृहमंत्री शिवराज पाटिल ने नक्सल समस्या से निपटने के लिए छत्तीसगढ़ को भारी-भरकम मदद देने की घोषणा की थी। उनमें से ज्यादातर मदद अब तक नहीं मिली है। माना जा रहा है कि छत्तीसगढ़ पुलिस को मदद देने में तत्परता से निर्णय लेने का आग्रह किया जाएगा।

इसके अलावा हाल में अबूझमाड़ में पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से भी केंद्रीय गृह राज्यमंत्री को अवगत कराया जाएगा। आंध्रप्रदेश और छत्तीसगढ़ पुलिस के संयुक्त अभियान में 17 नक्सली मारे गए। संकेत हैं कि आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ पुलिस नक्सलियों के खिलाफ अभियान और तेज करेगी। इस कारण श्री जायसवाल से केंद्र से पूरी मदद की अपेक्षा की जाएगी।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: