News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. विद्युत मंडल ने अपने वसूली महाभियान के तहत शहर के विभिन्न हिस्सों में मंगलवार को छापामार कार्रवाई की है। इस दौरान छह लाख रुपए की वसूली की गई, वहीं बिल नहीं पटाने वाले 18 उपभोक्ताओं की लाइन काट दी गई।
विद्युत मंडल का वसूली महाभियान डिफाल्टर उपभोक्ताओं के लिए कहर बना हुआ है। बिल जमा नहीं करने के बाद भी लंबे समय से बिजली का उपयोग करने वाले उपभोक्तओं पर मंडल की लगातार गाज गिर रही है। महाभियान के तहत मंडल ने शहर के भारतीय नगर, प्रियदर्शिनी नगर, जरहाभाठा, शनिचरी बाजार, गोलबाजार, चांटीडीह एवं सरकंडा सहित अन्य क्षेत्रों में छापामार कार्रवाई की।
इस दौरान करीब 70 उपभोक्ताओं के घर में संपर्क किया गया। इनमें से कुछ उपभोक्ताओं ने स्पाट में ही बिल का भुगतान कर दिया, जिनसे छह लाख रुपए की वसूली की गई है। इसी तरह बिल नहीं देने की स्थिति में 18 घरों के कनेक्शन काट दिए गए।
उल्लेखनीय है कि मंडल का वसूली अभियान वैसे तो साल भर चलता है, लेकिन वित्तीय वर्ष की समाप्ति होने के कारण इसमें कड़ाई कर दी गई है। यही कारण है महाभियान को और अधिक सफल बनाने के लिए बाहर से भी दल बुलाए गए हैं।