News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर.
महानगरों की तर्ज पर शहर की प्रमुख सड़कें जल्द ही चौड़ी और चमचमाती नजर आएंगी। इसके लिए प्रथम चरण में लगभग नौ करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। शहर के ट्रैफिक को व्यवस्थित करने और सिटी बस के सुचारू रूप से संचालन के लिए सड़कों की हालत सुधारी जा रही है।
शहर में लोक निर्माण विभाग की सड़कों का कायापलट करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए प्रस्ताव और इस्टीमेट तैयार करने के बाद स्वीकृति के लिए शासन के पास भेजा जा रहा है। शहर की जिन सड़कों का कायाकल्प होना है, उनमें पहला नंबर लिंक रोड का है।
शहर की सबसे पुरानी सड़कों में से एक यह रोड शहर को प्रमुख जगहों से जोड़ता है। शहर का हर व्यक्ति अमूमन इस रोड से आवागमन के लिए निर्भर है, जिस वजह से यह रोड हमेशा ही व्यस्त रहता है। वर्तमान में यह रोड की चौड़ाई 50 फीट के आसपास है। इसे 80 फीट चौड़ा करने की योजना है।
राजेंद्र नगर चौक से तारबाहर चौक के बीच तीन किलोमीटर सड़क को चौड़ा और मजबूत किया जाएगा ताकि मौसम या ट्रैफिक की मार से यह खराब न हो और लोगों को आवागमन में भी सुविधा मिल सके। इसके लिए तीन करोड़ 51 लाख रुपए का प्रावधान किया गया है। दूसरे नंबर पर डीपी वर्मा पहुंच मार्ग है।
सिम्स के पीछे गोड़पारा नदी किनारे से शनिचरी तक एक किलोमीटर सड़क को दो करोड़ रुपए की लागत से चौड़ा किया जाएगा। इस रोड के चौड़ा होने से गोंड़पारा रोड पर आवागमन में काफी सुविधा हो जाएगी। नगर-निगम द्वारा सिम्स के बगल में नदी किनारे से सड़क लाकर इसी रोड से जोड़ी जाएगी।
इसके बाद यह सड़क शहर का प्रमुख मार्ग बन जाएगी और अरपा के पुराने पुल से आने-जाने वाले लोग इसी रोड से डायवर्ट होकर शनिचरी, गोंडपारा, सिम्स, गोलबाजार आदि जगहों पर जा सकेंगे। इससे प्रताप टाकीज और सिम्स रोड पर यातायात का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा। इसी तरह टेलीफोन एक्सचेंज से अग्रसेन चौक, मगरपारा, इंदु चौक, जरहाभाठा मंदिर चौक, सिंधी कालोनी, बलराम टाकीज रोड को भी चौड़ा किया जाएगा। इसके लिए चार करोड़ रुपए प्रस्तावित हैं।
हट जाएंगे अवैध निर्माण, काटे जाएंगे पेड़
इन सड़कों के निर्माण के दौरान सड़क किनारे के सभी अवैध निर्माण हटा दिए जाएंगे। गोंड़पारा नदी किनारे बने घर, झुग्गियां, अवैध तबेले इसकी चपेट में आएंगे। वहीं सिंधी कालोनी, जरहाभाठा मंदिर चौक, मगरपारा, अग्रसेन चौक पर भी सरकारी जमीन पर किए गए हर तरह के निर्माण तोड़कर सड़कों को चौड़ा किया जाएगा।
इधर दशकों से ठंडी छाया दे रहे पेड़ चौड़ीकरण की चपेट में आ जाएंगे। लिंक रोड, राजेंद्र नगर रोड में सड़क के दोनों ओर लगे पेड़ों की छाया से गर्मी के मौसम में काफी राहत मिलती है। चौड़ा करने के दौरान इस पेड़ों को हटाना पड़ेगा। इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर सड़क किनारे बची जगह पर नए पेड़ उगाने पर भी विचार किया जाएगा।