News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पार्टी के विभिन्न पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की स्क्रीनिंग के आदेश दिए हैं ताकि संदिग्ध चरित्र वाले व्यक्तियों की शिनाख्त की जा सके। यह कदम उन्होंने यूथ अकाली दल के वाइस प्रेसीडेंट नेता पुरुषोत्तम लाल सोंधी के अमृतसर में 22 किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तारी को देखते हुए उठाया है।
मंगलवार को यहां प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों को पार्टी पदाधिकारियों की विश्वसनीयता की जांच करने और संदिग्ध चरित्र वालों की शिनाख्त करने का निर्देश दिया गया है।
जिला प्रमुखों से पार्टी पदाधिकारियों की निगरानी करने को भी कहा गया है। सुखबीर ने कहा कि सोंधी को पार्टी से निकाल दिया गया है। शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल ने कहा, एक सप्ताह के भीतर पार्टी का पुनर्गठन किया जाएगा। इस बारे में वरिष्ठ नेताओं की बैठक बुलाई जा रही है।
सरबजीत की रिहाई के प्रयास : सुखबीर ने कहा, पंजाब सरकार पाकिस्तान में सजा-ए-मौत पाए सरबजीत की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए हर संभव तरीके अपना रही है। उन्होंने 10वीं कक्षा तक पंजाबी लाजिमी करने के फैसले पर मुख्यमंत्री समेत सभी अकाली दल-भाजपा विधायकों का धन्यवाद भी किया।
स्पोर्ट्स पॉलिसी जल्द : सुखबीर
सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही स्पोर्ट्स पॉलिसी लाएगी। इसके तहत हर साल नामचीन खिलाड़ी को पंजाब स्टेट स्पोर्ट्स अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स पॉलिसी के संबंध में वे मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल से भी बात करेंगे। जूनियर बादल ने कहा कि तलवंडी साबो और आनंदपुर साहिब में जल्द ही स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनाए जाएंगे, जिनमें खिलाड़ियों के लिए सभी प्रकार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।