नई दिल्ली. बीसीसीआई ने बुधवार को कहा है कि सुनील गावस्कर अपने हालिया कॉलमों को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के प्रतिनिधियों से बातचीत और मुलाकात करेंगे। बीसीसीआई ने साफ कर दिया है कि अब तक आईसीसी ने क्रिकेट कमेटी के अध्यक्ष पद से गावस्कर का इस्तीफा नहीं मांगा है।
भारत के ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान नस्लभेद, खिलाड़ियों की आपसी कहा-सुनी, अभद्र व्यवहार और बोर्ड के रवैये पर गावस्कर ने अपने कॉलम में ऑसी क्रिकेट बोर्ड की जमकर खिंचाई की थी और मैच रैफरी माइक प्रॉक्टर की भी आलोचना की थी।
यह भी गौरतलब है कि दुबई में पिछले हफ्ते आईसीसी की कार्यकारी समिति में हुई बैठक में गावस्कर को क्रिकेट कमेटी से हटाए जाने के बारे में एकमत से फैसला लिया गया था लेकिन वर्ष 2000 से इस संभ्रांत कमेटी के अध्यक्ष गावस्कर से अब तक इस्तीफा नहीं मांगा गया है और न ही गावस्कर ने खुद पद छोड़ने की पेशकश अब तक की है।
बीसीसीआई के सचिव निरंजन शाह ने आज कहा कि गावस्कर को इस कमेटी से आईसीसी द्वारा हटाए जाने की खबर एक ब्रिटिश अखबार में छपी थी जो कि गलत है। आईसीसी ने बीसीसीआई को सूचित किया है कि गावस्कर को हटाने का कोई फैसला नहीं लिया गया है। हालांकि शाह ने माना कि गावस्कर अपने कॉलम के बारे में स्पष्टीकरण जरूर देंगे।
शाह ने कहा कि गावस्कर के स्पष्टीकरण के बाद आईसीसी के कार्यकारी बोर्ड की अगली बैठक में इस पर तैयार रिपोर्ट रखी जाएगी। दूसरी तरफ, एक टीवी चैनल की खबर के मुताबिक गावस्कर आईसीसी प्रमुख मैल्कम स्पीड से मिलकर इस पूरे मामले पर चर्चा करेंगे।
संबंधित खबरें
* गावस्कर विवाद पर रिपोर्ट गलत : आईसीसी
* कपिल आए गावस्कर के पक्ष में, बोर्ड पीछे हटा
* गावस्कर पर गाज : दखल देगी बीसीसीआई
* गावस्कर को आईसीसी क्रिकेट कमेटी से हटाने का फैसला