भुवनेश्वर. नक्सलियों ने कल देर रात उड़ीसा और आंध्रप्रदेश की सीमा पर बने एक रेलवे स्टेशन पर विस्फोट कर उड़ाने की कोशिश की।
आंध्रप्रदेश के पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह मान ने बताया कि मंगलवार की रात को आंध्रप्रदेश के विजयनगरम जिले में गुमुडा रेलवे स्टेशन पर छह-सात नक्सलियों के समूह ने बारुदी सुरंग द्वारा नियंत्रण कक्ष में विस्फोट किया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, विस्फोट के बाद रेलवे की संचार-व्यवस्था कई घंटे तक प्रभावित रही। हालांकि बुधवार की सुबह सारी व्यवस्था फिर से चालू हो गई। यह रेलवे स्टेशन उड़ीसा के रायागाडा जिले से 25 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।
गौरतलब है कि नक्सलियों ने आंध्रप्रदेश और उड़ीसा के कई क्षेत्रों को ‘स्वतंत्र क्षेत्र’ घोषित कर दिया है और वे लगातार पुलिसकर्मियों और भूस्वामियों पर हमले कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नक्सलियों से निपटने के लिए आंध्रप्रदेश, छत्तीसगढ़ और उड़ीसा ने संयुक्त कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।