नई दिल्ली. पुलिस सेवा से छुट्टी लेने के बाद देश की पहली महिला आईपीएस किरण बेदी अब लोगों के विवादों को अदालतों के बाहर ही निपटाने के लिए एक खुली अदालत का आयोजन करेंगी और लोगों को सिखाएंगी कि कैसे मसलों का हल ढूंढा जाए।
हाल ही में पुलिस की नौकरी से स्वैच्छिक अवकाश लेने वाली मैगसेसे पुरस्कार विजेता बेदी दरअसल स्टार प्लस द्वारा शीघ्र प्रसारित किए जाने वाले नए कार्यक्रम 'आपकी कचहरी' में लोगों के वास्तविक मामलों को निपटाने में मध्यस्थ की भूमिका निभाएँगी।
किरण बेदी की इस कचहरी के जरिए वास्तविक लोग वास्तविक मामले और वास्तविक परिस्थितियों के साथ प्रभावित पक्षों को उनके मुद्दों पर बहस करने, कोर्ट के बाहर समस्या का सही निदान निकालने का अवसर तलाशने और दूसरों को इन्हीं परिस्थितियों से शिक्षित करना चाहती हैं।
बेदी ने बताया कि उनकी इस कचहरी में रिश्तों के विवाद धन और उत्तराधिकार के विवाद अवैध संबंधों, महिलाओं से जुड़े विवाद सेक्सुअल प्रताड़ना, विवाह संबंधी विवाद, लिंग विवाद, गोत्रीय विवाद और दहेज प्रताड़ना जैसे विषयों को प्राथमिकता दी जाएगी।
बेदी ने कहा मैं आपकी कचहरी से जुड़कर गौरवान्वित हूँ। यह सामान्य लोगों से जुड़ा मंच है। इस शो में मेरी भूमिका मध्यस्थ के तौर पर लोंगो के आपसी विवादों का निपटारा करने में मदद करने की होगी।
स्टार प्लस के मुख्य कार्यकारी अधिकारी उदय शंकर ने बताया कि किरण बेदी की इस कचहरी में जीवन के वास्तविक विवादों को प्रस्तुत किया जाएगा। विवाद से जुड़े लोग खुद अपनी बात रखेंगे।