मुंबई. फंड में करीब तीन करोड़ रुपए की हेराफेरी के आरोप में चार्जशीट दाखिल होने के बाद बीसीसीआई के पूर्व प्रमुख जगमोहन डालमिया ने पहली बार मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि सच बदलता नहीं है और न ही उसे रचा जाता है।
डालमिया को बुधवार को मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया। इसके बाद कोर्ट ने उन पर लगे आरोपों की सुनवाई के लिए 11 अप्रैल की तारीख तय की।
इसके बाद एक टीवी चैनल से बातचीत करते हुए डालमिया ने कहा कि सच तो सच होता है, उसको पकाया कैसे जा सकता है? इस मामले में लगातार कानूनी फैसले मेरे पक्ष में रहे हैं तो यह तो नहीं माना जा सकता कि 10-12 सालों से कानून सच नहीं देख पा रहा या कोई चूक हो रही है।
डालमिया ने भरोसा जताया कि उन पर लगे आरोप खारिज कर दिए जाएंगे और फैसला उनके हक में होगा। गौरतलब है कि डालमिया पर 2006 वर्ल्ड कप के दौरान बीसीसीआई के फंड में हेराफेरी का आरोप लगाया गया है।
संबंधित खबरें
* डालमिया मामले में सुनवाई 11 को
* जगमोहन डालमिया गिरफ्तार, जमानत पर रिहा
* डालमिया के खिलाफ आरोपपत्र 26 को