HomeBusinessCorporate Corporate

रिलायंस की धमकी, सरकार का टेंशन

नई दिल्ली. रिलायंस इंडस्ट्रीज ने धमकी भरा निर्णय लेकर सरकार का टेंशन बढ़ा दिया है। सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों के तर्ज पर सब्सिडी नहीं मिलने की सूरत में रिलायंस ने पेट्रोल पंप बंद करने का फैसला किया है और केंद्रीय तेल मंत्री मुरली देवड़ा ने माना है कि यह कठिन परिस्थिति है जिससे उबरना मुश्किल होगा।

देवड़ा ने बुधवार को बताया कि आप सरकार से रिलायंस एवं एस्सार जैसी निजी क्षेत्र की कंपनियों को सब्सिडी देने की उम्मीद नहीं कर सकते। लेकिन आप इन कंपनियों को दंडित किए जाने की भी उम्मीद नहीं कर सकते।

गौरतलब है कि रिलायंस ने अपने 1400 पेट्रोल पंपों में से दो तिहाई पेट्रोल पंपों को बंद करने की योजना बनाई है। देवड़ा ने कहा कि यह एक बड़ी समस्या है। उन्होंने संकेत दिया कि सरकार के पास इस समस्या से निपटने के लिए कोई तैयार समाधान नहीं हैं। हालांकि देवड़ा ने कहा कि किसी ने भी सब्सिडी की मांग को लेकर संपर्क नहीं किया।

उल्लेखनीय है कि इंडियन आयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों के मुकाबले ज्यादा कीमत पर पेट्रोल एवं डीजल बेचने के बावजूद रिलायंस और एस्सार को भारी घाटा उठाना पड़ रहा है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: