पणजी.
ब्रिटिश किशोरी स्कारलेट इडेन कीलिंग का शव गुरुवार सुबह विमान से मुंबई भेजा जाएगा। यह जानकारी उसके पारिवारिक वकील ने दी। स्कारलेट का शव 18 फरवरी को गोवा के अंजुना बीच पर मिला था। दो स्थानीय लोगों को उसके साथ बलात्कार और हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
वकील विक्रम वर्मा ने बताया कि शव को मुंबई के एक अस्पताल की मरचुरी में रखा जाएगा। शव के साथ स्कारलेट की मां फिओना भी मुंबई जाएंगी। उन्होंने कहा कि स्कारलेट के शव को ब्रिटेन भेजने की कार्रवाई अंतिम चरण में है।
गलती मानी : स्कारलेट के शव का पहली बार पोस्टमार्टम करने वाले फोरेंसिक विशेषज्ञ के निलंबन मामले में बुधवार को गोवा के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने कहा कि ऐसा लगता है कि उससे गलती हुई है। सरकारी अस्पताल के डॉक्टर सिलवानो सपेको को सोमवार को प्रथम दृष्टया दोषी मानते हुए निलंबित कर दिया गया था। हालांकि राणो ने विशेषज्ञ की गलती पर ज्यादा कुछ कहने से इनकार कर दिया।