News
International International काठमांडू. नेपाल में राजशाही के कट्टर विरोधी रहे माओवादी देश में संविधान सभा के गठन के लिए आगामी 10 अप्रैल को होने जा रहे चुनाव में राजशाही समर्थकों से गठजोड़ करने के प्रयास कर रहे हैं। इस सिलसिले में दोनों ही पक्षों के बीच ‘गुप्त वार्ताएं’ चल रही हैं। यह दावा एक पूर्व मंत्री ने किया है।
राष्ट्रीय प्रजातंत्र पार्टी के प्रमुख और पूर्ववर्ती शाही सरकार में गृहमंत्री रहे कमल थापा ने कहा कि उन्हें माओवादियों और नेपाल नरेश के बीच संधि की संभावना नजर आती हैं, क्योंकि दोनों ही राष्ट्रवादी ताकतें हैं। थापा ने गुप्त बैठकों के बारे में विस्तार से बताने से यह कहते हुए इनकार कर दिया कि अभी सही समय नहीं आया है।
माओवादियों के मुखिया प्रचंड ने भी राजशाही से जुड़े राष्ट्रवादियों से ‘गठजोड़’ के प्रयासों की पुष्टि की है। अगर दोनों के बीच ऐसी कोई सहमति बनती है तो इसे आश्चर्य ही माना जाएगा क्योंकि माओवादी करीब एक दशक से राजशाही के खिलाफ रहे हैं।