गुना/ अशोकनगर/ करीला. अशोकनगर जिले के माता जानकी मंदिर करीला में रैलिंग टूटने से खाई में गिरने और भीड़ में दबने के बाद आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि दस अन्य घायल हुए हैं। मृतकों के शवों को अशोकनगर स्थित शवगृह में रखा गया है, जबकि घायलों का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है।
ऐतिहासिक करीला मेले में इस साल अन्य सालों की तुलना में दोगुनी भीड़ उमड़ पड़ने से अव्यवस्था की स्थिति बन गई। वहां पहाड़ी पर स्थित मां जानकी मंदिर के सामने दर्शनार्थियों के जाने और आने के लिए बांस-बल्लियों की रैलिंग बनाई गई थी। रात करीब 8.30 बजे जब सैकड़ों लोग दर्शन करने के लिए लाइन में लगे थे तो धक्का-मुक्की के दौरान एक रैलिंग टूट गई। इससे कई दर्शनार्थी एक छोटी-सी खाई में गिर गए और बाकी लोग उनके ऊपर से चढ़ गए। प्रशासन ने आनन-फानन में घायलों को एंबूलेंस में अशोकनगर जिला अस्पताल पहुंचाया।
अशोकनगर अस्पताल के डा. डीके जैन ने बताया कि वहां पर करीला से पहुंचे घायलों में से आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य दस घायलों का इलाज जारी है। उन्होंने बताया कि मृतकों में सिर्फ कन्हैयालाल निवासी छोला रोड भोपाल की ही पहचान हो सकी है। घायलों में शिवम नामदेव चांचौड़ा-गुना, लक्ष्मणसिंह, पूरन पुत्र गणोशराम, योगेश शर्मा, सुरेश कुशवाह, अजयपाल सिंह, गुलजार, कल्लू कुशवाह, रामलाल और ग्यारसीलाल शामिल हैं। उन्होंने बताया कि करीला के पास एक ट्रैक्टर-ट्राली भी पलटी है इसलिए इन घायलों और मृतकों में से कुछ ट्रैक्टर-ट्राली वाली घटना से संबंधित भी हो सकते हैं।
मंदिर के अंदर नृत्य बंद कराया
करीला में रैलिंग टूटने के बाद करीब 15 मिनट तक मंदिर में दर्शनार्थियों का प्रवेश रोक दिया गया। इसके बाद मंदिर परिसर के अंदर होने वाले पारंपरिक राई नृत्य को बंद करा दिया गया और दर्शन चालू कराए गए। रैलिंग टूटने के बाद मंदिर परिसर में और आसपास अतिरिक्त पुलिस फोर्स लगाया गया है।
आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मृतकों के आश्रितों को एक लाख रु. एवं घायलों को 20 हजार रुपए की सहायता देने की घोषणा की।