इंदौर. नवविवाहिता हरमीत कौर द्वारा फांसी लगाने के मामले को लेकर परिजन व समाज के लोगों ने भंवरकुआं थाने का घेराव किया। उन्होंने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या का आरोप लगाया। बाद में जांच के आश्वासन पर घेराव समाप्त हुआ। इसके बाद मिली शार्ट पीएम रिपोर्ट के आधार पर उसके पति सहित पांच लोगों पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया।
हरमीत मंगलवार सुबह पति मनजीतसिंह सैनी के साथ गुरुद्वारा से लौटी थी। फिर पति क्रिकेट खेलने चला गया और लौटा तो वह फंदे पर लटकी मिली, उसे अस्पताल ले गए जहां मृत घोषित कर दिया गया। हरमीत के पिता अवतारसिंह, चाचा पाली व समाज के कुछ लोगों ने आरोप लगाया ससुराल वाले उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। उन्होंने डॉक्टर से इंजेक्शन लगाकर गर्भपात कराने को भी मजबूर किया था। उसके शरीर पर चोट के निशान हैं, उसे जहर देकर मारा है। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद शव चोइथराम अस्पताल में ही रखवाया गया था।
बुधवार सुबह परिजन व समाज के लोगों ने रोष व्यक्त करते हुए कहा जब तक पति, सास, ससुर, जेठ-जेठानी पर केस दर्ज नहीं किया जाता अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इसे लेकर उन्होंने दोपहर 12 बजे भंवरकुआं थाने का घेराव कर दिया। सूचना मिलते ही सीएसपी संजयसिंह व इरमिन शाह पहुंचे तो समाजजन बोले सारी बातें स्पष्ट हैं तो आरोपियों पर केस दर्ज क्यों नहीं किया जा रहा। इस पर अधिकारियों ने कहा आप धैर्य रखें, जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
करीब आधे घंटे बाद परिजन रवाना हो गए। उधर, कुछ देर बाद पुलिस ने शार्ट पीएम रिपोर्ट केआधार पर मनजीतसिंह, जेठ सतपालसिंह, जेठानी इंद्रजीत कौर, सास महेंद्र कौर व ससुर हरबंससिंह पर दहेज हत्या का केस दर्ज किया। सीएसपी संजयसिंह के मुताबिक ये लोग उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे जिसके चलते उसने फांसी लगाई। इसी आधार पर केस दर्ज किया गया।
पथराव को उतारू हो गए लोग : समाज के लोगों का गुस्सा इस कदर था कि उन्होंने अधिकारियों को यहां तक कह दिया कि अगर पुलिस ने केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार नहीं किया तो वे खुद अपने स्तर पर निपटेंगे। इसके चलते मनजीत के विष्णुपुरी मकान पर सुरक्षा बतौर जवान तैनात कर दिए। शवयात्रा निकलने के दौरान भी लोगों ने हाथ में पत्थर-ईटें उठा ली। बाद में वे समझाइश से शांत हुए।