जयपुर. बेरोजगार युवकों को यूपी से लाकर जीजा-साले ने पिछले एक साल के दौरान जयपुर में 66 से अधिक चोरियां करवाईं। शातिर चोर तस्लीम ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उसके साला पिंकू 60 से अधिक तथा वह 6 चोरियां करवा चुका है। ये दोनों जिन बेरोजगार युवकों से काम लेते, उन्हें वारदात में मिलने वाले माल का दस प्रतिशत देते हैं। इसका बंटवारा तस्लीम की पत्नी अंजुम करती है।
पिंकू मेरठ का रहने वाला है जिसे एक साल पहले सांगानेर पुलिस ने कई चोरियों में गिरफ्तार किया था। इसके बाद वह पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया। तीन दिन पहले उसे गिरफ्तार करने मेरठ गई बजाज नगर पुलिस खाली हाथ लौट आई। अब गुरुवार को दूसरी टीम भेजी जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) राजेश सिंह ने बताया कि तस्लीम व उसके साथी राहुल को महेश नगर थाना पुलिस ने मंगलवार आर्म्स एक्ट में गिरफ्तार किया था। दोनों ने सोमवार रात को महिला थाना इंचार्ज पुष्पा वशिष्ठ के यहां दो लाख से अधिक के जेवर चोरी करना स्वीकार किया था। तस्लीम व राहुल को बुधवार को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।
अब ज्योतिनगर पुलिस उनको प्रोडक्शन वारंट के जरिए गिरफ्तार करेगी। पुलिस ने बताया कि सात माह पहले तस्लीम जेल में था, तब पिंकू राहुल को चोरियां करवाने जयपुर लाया था। इसी तरह वह कई लोगों को यहां लाकर चोरियां करवाता रहा है। तस्लीम के जेल से बाहर आने के बाद वह राहुल को 6 बार जयपुर लाया और तीन चोरियां मालवीय नगर व तीन सांगानेर क्षेत्र में की।