इंदौर. परिवार की बुजुर्ग महिला की मृत्यु का शोक निवारण तो हुआ ही नहीं था और सुखदेवनगर व पीरगली के जैन परिवारों पर वज्रपात हो गया। पुलिस वाहन लिखी टाटा सूमो ने दोनों परिवारों के युवा सदस्यों को मार डाला। दोनों ममेरे भाई थे। सुखदेवनगर के आशीष जैन की दादी और पीरगली के सुमित जैन की नानी लक्ष्मीबाई जैन निवासी रामचंद्रनगर की मृत्यु 25 मार्च को हो गई थी। उनका तीसरा गुरुवार को है। उसके लिए दोने-पत्तल लेने आशीष व सुमित बुधवार शाम बाइक (एमपी 09-टी-4746) से निकले। लौटते में अखंडधाम, एरोड्रम रोड पर तेज गति से आ रही सूमो (एमपी 09-वी-1138) ने बाइक को जोरदार टक्कर मारी। उसके बाद हड़बड़ाया ड्राइवर उन्हें रौंदता हुआ आगे बढ़ गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने रोकने की कोशिश की तो वह वाहन छोड़कर भाग गया।
दोनों घायलों को भाटिया हॉस्पिटल, तिरुपतिनगर ले गए, जहां कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। सूमो पर ‘पुलिस वाहन’ लिखा है। संभवत: वह किसी पुलिस अधिकारी का निजी वाहन है। हादसे की सूचना जैसे ही परिवार तक पहुंची कोहराम मच गया। परिवार के साथ आसपास के भी काफी लोग घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे को लेकर रोष जताने के लिए चक्काजाम की कोशिश करने लगे। एडीशनल एसपी मनोजसिंह और सीएसपी बी.जे. सालुंके पुलिस बल लेकर पहुंचे। घटनास्थल पर देर रात तक तनाव बना हुआ था।
इकलौता बेटा चला गया
आशीष व सुमित का रेडीमेड व कपड़ों का व्यवसाय है। दोनों की शादी हो चुकी है और एक-एक बच्च है। सुमित परिवार का इकलौता बेटा है। सदमा न लगे इसलिए हादसे की सूचना परिवार के कुछ सदस्यों को नहीं दी गई थी।