भोपाल. राजधानी के लोगों की प्यास बुझाने के लिए नर्मदा नदी का पानी भोपाल तक लाने का काम इन दिनों तेजी से चल रहा है। अगले साल जून तक इस परियोजना पर 339 करोड़ रुपए खर्च होना है। शाहगंज के पास नर्मदा नदी पर इंटेक वेल बनाने से लेकर भोपाल के रास्ते तक पाइप लाइन बिछाने का काम युद्धस्तर पर जारी है। मशीनों और सैंकड़ों मजदूरों की सहायता से पीएचई के अधिकारी और ठेकेदार काम की गति को बढ़ा रहे हैं ताकि मानसून के पहले प्रारंभिक काम पूरे किए जा सकें।
औबेदुल्लागंज में कोया एंड कंपनी हैदराबाद द्वारा पाइप बनाने का कार्य तेजी से शुरू कर दिया है। यहां प्रतिदिन 25 से 30 पाइप बनाए जा रहे है। बंधे हुए पाइप क्रेन की सहायता से जमीन में 6 फीट अंदर बिछाए जा रहे हैं। प्रत्येक पाइप की लंबाई 6 मीटर व व्यास 1400 एमएम है। शाहगंज से औबेदुल्लागंज की तरफ अब तक 8-9 किमी पाइप लाइन बिछाई जा चुकी है। सेंचुरी क्षेत्र होने के कारण बीच में पाइप लाइन बिछाने का काम रोक दिया गया। उसके बाद भीमबैठिका से करीब 3 किमी तक लाइन बिछाई गई।
साथ ही लगभग 15 किमी पाइप लाइन रोड किनारे लगा दिए गए हैं। सेंचुरी क्षेत्र व राष्ट्रीय राजमार्ग-12 का क्षेत्र होने से वहां अभी कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। शाहगंज के पास एक पुल का निर्माण किलरेस्कर एंड कंपनी द्वारा किया जा रहा है। वहां एक टैंक बनाकर मोटर द्वारा पानी ऊपर भेजा जाएगा।
पीएचई विभाग के अधिकारियों के अनुसार नर्मदा परियोजना के काम के लिए वर्क आर्डर सितंबर, 07 में हुए थे, जिसके अनुसार 21 महीने में निर्धारित काम पूरा होना है। इसके तहत पाइप लाइन बिछाने से लेकर फिल्टर प्लांट बनाने का काम किया जाना है। विभाग के अधीक्षण यंत्री केके पयासी के मुताबिक आगामी मानसून के पहले मुख्य कार्य पूरे करने का लक्ष्य रखा गया है, इसीलिए इन दिनों तेज गति से काम किया जा रहा है।