भोपाल. रोशनपुरा चौराहे पर स्थित ताप्ती अपार्टमेंट में बुधवार को एक दिल दहलाने वाला हादसा हुआ। लिफ्ट सुधार रहे मैकेनिक के दोनों पैर लोहे के बेल्ट में फंस गए और करीब 40 मिनट तक लिफ्ट पैरों पर लिपटे बेल्ट पर झूलती रही। इससे मैकेनिक के दोनों पैर घुटने के ऊपर से बुरी तरह टूट गए। उसे कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड के अमले ने निकाला।
शहर की ऊंची इमारतों में से एक ताप्ती अपार्टमेंट की लिफ्ट पिछले चार दिनों से बंद थी। तिलक नगर में रहने वाले सीआर चौधरी (48) बुधवार की दोपहर लिफ्ट सुधारने के लिए आए थे। वे अपार्टमेंट की आठवीं मंजिल पर थे। वे लिफ्ट की छत पर बैठकर काम कर रहे थे। इसी दौरान श्री चौधरी के दोनों पैर लिफ्ट के बेल्ट में फंस गए और लिफ्ट नीचे खिसक गई। करीब आठ क्विंटल वजनी लिफ्ट उनके दोनों पैरों पर लटकी थी। श्री चौधरी का बेटा आशीष भी उनके साथ था।
उसकी चीखें सुनकर अपार्टमेंट के लोग छत पर पहुंचे। उन्होंने पहले पुलिस और फिर फायर ब्रिगेड को फोन किया। फायर ब्रिगेड के अमले के पास गैस कटर नहीं था। सीएसपी धर्मवीर सिंह यादव वहां पहुंचे और उन्होंने अपने ड्राइवर महेश दुबे को कटर लेने के लिए भेजा। एएसआई प्रदीप गुर्जर श्री चौधरी को पानी पिलाते रहे और ढांढस बंधाते रहे कि जल्दी ही उन्हें सुरक्षित निकाल लिया जाएगा। फायर ब्रिगेड के अमले ने लिफ्ट को नीचे गिरने से रोकने के इंतजाम किए और फिर लोहे के बेल्ट को काटा गया। इस सबमें करीब 40 मिनट लगे। जब बेल्ट कटा तो श्री चौधरी के दोनों पैर घुटने के ऊपर से पूरी तरह टूट चुके थे।
एक पैर को बचाना काफी मुश्किल
उन्हें निकालने में एसआई विनय शर्मा, नगर निगम के फायर ब्रिगेड प्रभारी साजिद खान, अशर मियां ने भी काफी मेहनत की। श्री चौधरी को चिरायु अस्पताल में भर्ती किया गया है। उनका इलाज कर रहे डा. अजय गोयनका ने बताया कि उनका आपरेशन किया जा रहा है। दोनों पैर की हड्डियां टूटी हुई हैं। इसमें से एक पैर को बचाना काफी मुश्किल है।