HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

हुरियारों ने दिन भर मचाया धमाल

भोपाल. b रंग, अबीर और गुलाल की बारिश के बीच बुधवार को हुरियारों ने अपने धमाल और मस्ती से रंग पंचमी को यादगार बना दिया। शहर में रंगारंग चल समारोह निकले। सारा शहर रंगमय और मस्ती के आलम में डूबा दिखा। जहां से भी हुरियारों की रंग गुलाल उड़ाती टोलियां गुजरती, वहां छा जाती थीं इंद्रधनुषी छटाएं। सुबह आठ बजे से ही युवकों और बच्चों की टोलियां घरों से निकल कर रंग-अबीर और गुलाल की बौछारें करने लगी थीं।

सुबह दस बजे तक सड़कें हुरियारों के हुजूम से पट गई थीं। छात्राओं और युवतियों में भी खासा उत्साह था। रंगों से तरबतर अनेक युवक वाहनों से सैर-सपाटा कर पर्व का आनंद उठा रहे थे। कई युवकों ने दोस्तों के घरों पर पहुंच कर धमाल मचाया। दोपहर दो बजे के बाद तक सड़कों पर हुरियारे नजर आते रहे। कई लोगों पर चढ़ा था भांग का सुरूर। वे नाचते हुए गा रहे थे रंग बरसे भीगे चुनर वाली..रंग बरसे.।

जुलूस निकले: पुराने शहर में हिंदू उत्सव समिति द्वारा आयोजित जुलूस सुभाष चौक से शुरू हुआ। जुलूस में भाजश की राष्ट्रीय अध्यक्ष उमा भारती और कांग्रेस के पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह ठाकुर प्रमुख रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम संयोजक भंवरलाल प्रजापति, प्रभारी राजेश यादव और पं. ईश दयाल शर्मा की अगुवाई में जुलूस में दुलदुल घोड़ी, बैल गाड़ियां और ढोल आकर्षण का केंद्र थे।

जुलूस पर रास्ते में कई जगह अबीर-गुलाल की बारिश की गई। डीजे पर होली गीतों की धुनों पर हुरियारे नाचते चल रहे थे। राजनेताओं में गोविंद गोयल, कैलाश मिश्रा, आलोक शर्मा आदि हुरियारों के संग अबीर गुलाल उड़ाते चल रहे थे। जुलूस लोहा बाजार, जुमेराती, सोमवारा, लखेरापुरा, चौक होता हुआ हनुमानगंज गल्ला मंडी पहुंच कर समाप्त हुआ।

बरखेड़ी: नवयुग हिंदू उत्सव समिति द्वारा बरखेड़ी स्थित रशीदिया स्कूल मैदान से जुलूस निकाला गया। इसमें भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष विश्वास सारंग, समिति अध्यक्ष सतीश अहलिया, महामंत्री नर्बदा जोगी, गोपाल पैगवार, महेंद्र यादव, नवल प्रजापति, दिनेश यादव व कृष्णकांत चौरसिया आदि शामिल थे। जुलूस दुर्गा चौक, जिंसी व चिकलौद रोड होता हुआ जहांगीराबाद पहुंच कर समाप्त हुआ।

शाहपुरा से निकले चल समारोह में हुरियारे बड़ी संख्या में शामिल हुए। वे नाचते गाते गुलाल उड़ाते चल रहे थे। जुलूस न्यू मार्केट हनुमान मंदिर पहुंच कर समाप्त हुआ। इसमें विधायक उमा शंकर गुप्ता, पूर्व विधायक शैलेंद्र प्रधान, पीसी शर्मा, ध्रुव नारायण सिंह, आलोक संजर, शैतान सिंह पाल, भारत सिंह पाल व श्याम सुंदर आदि शामिल थे।

कोटरा: मां पाताल भैरवी उत्सव समिति द्वारा कोटरा चौराहा से रंगपंचमी चल समारोह निकाला गया। जो हर्षवर्धन नगर, पंचशील नगर, जवाहर चौक व रंगमहल से होकर विधायक उमाशंकर गुप्ता के निवास पर पहुंचा। यहां जमकर रंग गुलाल उड़ाया गया। समिति के अध्यक्ष संतोष पाण्डेय व रमेश साहवानी आदि ने हुरियारों का स्वागत किया।

कोलार : कोलार हिंदू उत्सव समिति द्वारा कोलार रोड पर रंगपंचमी के अवसर पर चल समारोह निकाला गया। समारोह ललिता नगर से शुरू हुआ और सर्वधर्म पुल पर समाप्त हुआ। समारोह में शामिल हुरियारे रंग-गुलाल उड़ाते चल रहे थे। समारोह के लिए जगह-जगह स्वागत द्वारा लगाए गए थे। इस मौके पर समिति के रवींद्र यति, अभिषेक दुबे, दीपक माथुर, अमित शुक्ला, पप्पू श्रीवास्तव, राहुल राठौर सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

लक्ष्मण नगर से निकले चल समारोह में भाजशा की नेता उमा भारती और पूर्व विधायक शैलेंद्र प्रधान भी शामिल हुए। जुलूस में शामिल समिति संरक्षक रामनेता सिंह व संयोजक विक्की गुप्ता ने हुरियारों का गुलाल लगाकर स्वागत किया। भानपुर से निकले चल समारोह का शुभारंभ भाजपा महिला मोर्चा की कृष्णा गौर ने कराया। इस अवसर पर पार्षद तुलसा वर्मा भी उपस्थित थीं। करोद, कोहेफिजा, कोलार व अशोका गार्डन आदि क्षेत्रों में भी जुलूस धूमधाम से निकले।

वस्त्र व्यवसायियों ने खेली फूलों से होली

राजधानी वस्त्र व्यवसायी संघ द्वारा आयोजित होली मिलन कार्यकरम में राजस्थान से आई मंडली ने फाग गीतों और लोक नृत्य से ऐसा समा बांधा कि सभी झूम उठे। गुफा मंदिर म रंग पंचमी की शाम को आयोजित इस कार्यक्रम में अतिथियों और सदस्यों ने जमकर फूलों की होली खेली और गुलाल लगा कर एक-दूसरे को बधाई दी। प्रारंभ में संघ के अध्यक्ष श्यामबाबू अग्रवाल, उपाध्यक्ष अशोक गर्ग, कृष्ण गोपाल गट्टानी, राजेंद्र मनोरम ओम प्रकाश, अशोक जैन, नरेंद्र वंदना, रमेश सिंहल आदि ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में वाणिज्यकर मंत्री बाबू लाल गौर, पूर्व सांसद कैलाश सारंग, कांग्रेस नेता माणक अग्रवाल, गोविंद गोयल, पूर्व पार्षद आलोक शर्मा, समेत बड़ी संख्या में जन प्रतिनिधि और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।

भेल में निकले जुलूस: रंगपंचमी पर बुधवार को भेल में भी जमकर होली खेली गई। रंग गुलाल उड़ाते हुए दो स्थानों से हुरियारों का जुलूस निकला, बाजारों और कालोनियों में सामूहिक रूप से लोग देर शाम तक होली खेलते रहे। जुलूस में टैंकरों से लोगों पर रंग बरसाया जा रहा था, वहीं युवक डीजे पर नाचते गाते झूमते रहे। कारखाने में रंगपंचमी की अवकाश न होने से लंच व छुट्टी के समय कर्मचारियों ने जमकर होली खेली। बजरंग दल ने आनंद नगर से चल समारोह निकाला।

जुलूस रत्नागिरी, अयोध्या बायपास, प्रकाश नगर, बाल विहार, गुप्ता कालोनी, राजीव नगर, कल्पना नगर, सहकारी परिसर, सोनागिरी, इंद्रपुरी, निजामुद्दीन कालोनी, लेबर कालोनी व भेल क्षेत्र में घूमता हुआ वापस सोनागिरी पेट्रोल पंप पर समाप्त हुआ। बीच में कई जगह लोगों ने जुलूस पर फूल बरसाकर स्वागत किया। जुलूस में अनेक चार पहिया व दो पहिया वाहन शामिल थे। वहीं रंग भरे हुए टैंकर व डीजे की ट्राली पर भी लोग बैठ कर रंग बरसा रहे थे। दूसरा चल समारोह बरखेड़ा पठानी उत्सव समिति द्वारा निकाला गया, जो बरखेड़ा पठानी से शुरू होकर भेल क्षेत्र में परिक्रमा के बाद बरखेड़ा पठानी के चौराहे पर समाप्त हुआ।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: