अजमेर.
कैरिज कारखाने के वैलफेयर इंस्पेक्टर की मौत की गुत्थी नसीराबाद घाटी में हुए एक हादसे ने सुलझा दी। शराबियों की मारपीट में उसकी जान गई थी। बाद में अभियुक्त उसकी मोटरसाइकिल, मोबाइल और पर्स लेकर भाग गए। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को कत्ल और लूट के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है, इनमें से एक जेएलएन अस्पताल में भर्ती है। मृतक की मोटरसाइकिल इस वारदात का राजफाश करने में मददगार साबित हुई।
पुलिस के अनुसार, कैरिज वर्कशॉप के वैलफेयर इंस्पेक्टर न्यू गोविंद नगर निवासी अजयकुमार गुप्ता (52) पुत्र सत्यनारायण गुप्ता की मौत के मामले में उसके भाई अनिल ने लूट के लिए हत्या का शक जाहिर किया था। इस आधार पर तफ्तीश की जा रही थी।
>> यूं हुआ खुलासा
नसीराबाद घाटी के पास रविवार रात सड़क हादसे में घायल हुए न्यू गोविंद नगर निवासी पूरण नायक पुत्र बंसीलाल नायक को नसीराबाद सदर पुलिस ने जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया था। उसके पास वैलफेयर इंस्पेक्टर गुप्ता की मोटरसाइकिल मिली थी। पूछताछ में पूरण ने वारदात का खुलासा कर दिया। उसने बताया कि रविवार रात करीब साढ़े दस बजे वह रेलवे अस्पताल के पीछे पानी की टंकी के पास रहने वाले सोनू उर्फ जॉन पुत्र रामलाल के साथ सांसी बस्ती से शराब पीकर जौंसगंज की तरफ जा रहा था, इस बीच अजयकुमार गुप्ता तेज रफ्तार से मोटरसाइकिल पर उनके करीब से गुजरा। गुप्ता भी नशे में था। संतुलन बिगड़ने के कारण वह लड़खड़ाते हुए पांच बंगला मार्ग के पास मोटरसाइकिल रोक कर खड़ा हो गया। गुप्ता ने जॉन और पूरण को ललकारते हुए सड़क की एक ओरचलने को कहा। इस पर जॉन ने तीन-चार घूंसे मारकर गुप्ता को धक्का दे दिया। नशे में धुत्त गुप्ता गिर कर बेहोश हो गया। जॉन ने उसकी जेब से पर्स और मोबाइल फोन निकाल लिया। गुप्ता की मोटरसाइकिल लेकर दोनों पेट्रोल पंप पहुंचे, जहां गुप्ता के पर्स से सौ रुपए निकाल कर जॉन ने पेट्रोल भरवाया। पूरण ने बताया कि वह मोटरसाइकिल चला रहा था, जबकि जॉन पीछे बैठा था। दोनों नसीराबाद के सणोद गांव निवासी पूरण की बहिन के घर जा रहे थे।
नसीराबाद घाटी के पास ट्रेलर से बचने की कोशिश में मोटरसाइकिल सड़क के किनारे गड्ढे में गिर गई। पूरण के पैर की हड्डी टूट गई और वह बेहोश हो गया। जॉन भाग गया। लोगों ने पूरण को नसीराबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे अजमेर रैफर कर दिया गया।
>> शिकंजे में दोनों
पूरण के इकबालिया बयान के आधार पर रामगंज थाना पुलिस ने उसे अस्पताल में निगरानी में ले लिया, उसके पास गुप्ता की मोटरसाइकिल (आरजे 01 एसए 2666) बरामद हुई थी, वारदात में लिप्त जॉन को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। जॉन कलर पेंटिंग का काम करता है, जबकि पूरण रामगंज स्थित हिना टेंट हाउस पर नौकर है। दोनों मृतक गुप्ता को जानते थे। पुलिस ने हत्या और लूट का मुकदमा दर्ज किया है।
>> शराब इतनी खराब
अजय कुमार गुप्ता की मौत का सबब शराब के नशे में तकरार के बाद हाथापाई बनी। पूरण नायक और सोनू उर्फ जॉन ने वारदात से पहले सांसी बस्ती में छककर शराब पी थी। उधर अजयकुमार ने भी कैरिज ग्राउंड में पार्टी के दौरान शराब पी थी।
>> मामला, एक नजर..
कैरिज वर्कशॉप के वैलफेयर इंस्पेक्टर न्यू गोविंद नगर निवासी अजयकुमार गुप्ता (52) पुत्र सत्यनारायण गुप्ता की लाश रविवार रात करीब ढाई बजे रामगंज चौकी के पुलिसकर्मियों को गश्त के दौरान जौंसगंज चौराहे के पास मिली थी। मृतक के परिवारजन ने लूट के लिए हत्या का शक जाहिर किया था। प्रारम्भिक तौर पर पुलिस दुर्घटना का मामला मान रही थी।