News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. प्रदेश की 16 जिला पंचायतों में जिला पंचायत, बिलासपुर को सर्वश्रेष्ठ जिपं के बतौर 5 लाख रुपए के नगद पुरस्कार के लिए चुना गया है। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा शासन की कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन के आधार पर प्रदेश भर के जिला पंचायत, संभाग के जनपद पंचायत तथा जिले के सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायत के लिए रेटिंग तय की जाती है। बिलासपुर जिपं को सर्वश्रेष्ठ जिपं का पुरस्कार वर्ष 2006-7 के कार्यो के आधार पर दिया जा रहा है।
जिला पंचायत को उक्त पुरस्कार पंचायत महकमे द्वारा प्रदेश स्तरीय समारोह में पंचायत मंत्री के हाथों प्रदान किया जाएगा। वर्ष 2007-8 के कार्यो के लिए जिला पंचायत की ओर से प्रतिवेदन भेजा जा चुका है, परंतु इसके पुरस्कार अगले वर्ष घोषित किए जाएंगे। गौरतलब है कि जिला पंचायत बिलासपुर इससे पहले राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के बेहतर क्रियान्वयन, चार प्रतियों वाले मस्टररोल के उपयोग, निर्माण कार्यो के भुगतान में पूर्ण पारदर्शिता एवं कंप्यूटराइजेशन के मामले में भारत सरकार के ग्रामीण विकास विभाग द्वारा सर्वप्रथम घोषित किया जा चुका है।
इन उपलब्धियों ने पहुंचाया शिखर पर: जिला पंचायत, बिलासपुर ने वर्ष 2006-7 में ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत एवं जिला पंचायत के स्तर पर आर्थिक क्रियाकलापों का शतप्रतिशत अंकेक्षण कराने में सफलता प्राप्त की। इसी आधार पर वार्षिक प्रशासनिक रिपोर्ट बनाई गई। इससे पहले जिपं को स्वर्ण जयंती ग्रामीण स्वरोजगार योजना (एसजीएसवाय) का लक्ष्य पूरा करने के लिए सर्वोच्च पुरस्कार प्रदान किया जा चुका है।
गरीबी उन्मूलन के ‘नवा अंजोर’ हरियाली, वाटरशेड, इंदिरा आवास योजना के क्रियान्वयन में शतप्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर जिपं को सराहना मिल चुकी है। ग्राम पंचायतों के आर्थिक क्रियाकलापों का सामाजिक अंकेक्षण(ग्राम सभा में मस्टररोल का वाचन) रोजगार गारंटी योजना के कार्यो का कंप्यूटराइजेशन, शिक्षाकर्मियों की भर्ती में पारदर्शिता तथा जांच में फर्जी सर्टिफिकेट के आधार पर पकड़े गए 200 शिक्षाकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, जिला पंचायत द्वारा मध्याह्न् भोजन की राशि सीधे स्वसहायता समूह के खाते में जमा कराने, 1520 नि:शक्त बच्चों का टीकाकरण, नहर लाइनिंग एवं स्टाप डेम का निर्माण जिपं की उपलब्धियों में शामिल है।
आंकड़े एक नजर में.
0 5.25 करोड़ के 2000 इंदिरा आवासों का निर्माण
0 नवा अंजोर के अंतर्गत 1500 स्वसहायता समूहों को 60 करोड़ 33 लाख वितरित
0 एसजीएसवाय के तहत 200 समूहों को 4.80 करोड़ वितरित
0 रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत सर्वाधिक 125 करोड़ का आहरण (प्रदेश में सर्वप्रथम)
0 525 किलोमीटर की नहर लाइनिंग का कार्य