bhaskar Web English
HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

नलकूपों पर अब दबंग नहीं कर पाएंगे कब्जा

शिवपुरी. शहर में व्याप्त पेयजल संकट से जनता को कैसे निजात दिलाई जाए, इसको लेकर पुलिस चिंतित नजर आ रही है। पेयजल की स्थिति की एक रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक शासन को भेज रहे है। नलकूपों पर प्रभावशाली लोगों के कब्जों को रोकने के लिए भी पुलिस रणनीति तैयार कर रही है। अवैध नल कनेक्शनधारियों पर भी पुलिस लगाम लगाएगी। इसके अलावा पुलिस शहर में पानी की गंभीर स्थिति को लेकर सर्वे करने में भी जुटी है।

उल्लेखनीय है कि शिवपुरी शहर में गर्मी की दस्तक के साथ ही पेयजल संकट गहरा गया है। एक बाल्टी पानी के लिए लोग रतजगा कर रहे है। पानी के लिए जनता झगड़े की नौबत तक आ जाती है। ऐसे में कानून व्यवस्था न बिगड़े इसको लेकर पुलिस खासी चितिंत दिख रही है। विभागीय सूत्रों के अनुसार पुलिस अधीक्षक दिनेश चन्द्र शर्मा ने सिटी और देहात कोतवाली के टीआई को निर्देश दिए है कि नगर में पेयजल की क्या स्थिति है, इस पर एक रिपोर्ट तैयार करें। पुलिस इन दिनों नगर के 39 वार्डो में पेयजल की स्थिति को लेकर सर्वे करने में जुटी है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार एक सप्ताह के भीतर टीआई पुलिस अधीक्षक के सामने सर्वे रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। इस संबंध में पालिका अध्यक्ष जगमोहन सिंह सेंगर का भी कहना है कि नगर में पेयजल समस्या काफी गंभीर हो गई है। नगर में कई स्थानों पर पानी को लेकर पिछले वर्ष झगड़े हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक पत्र कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को लिखा है। जबकि पुलिस सूत्रों का कहना है कि अभी तक नगर पालिका अध्यक्ष की तरफ से कोई पत्र पुलिस कप्तान को प्राप्त नही हुआ है। अगर नगर पालिका प्रशासन पुलिस अधीक्षक से सहायता मांगती है, तो पुलिस मदद करेगी।

नगर के संवेदनशील अैार अतिसंवेदनशील नलकूपों पर भी पुलिस का पहरा रहेगा। पिछले वर्ष पुलिस ने पेयजल के वितरण को लेकर कोई रणनीति तैयार नही की थी, लेकिन इस बार शासन के आदेश के बाद पुलिस नगर में होने वाले पेयजल के वितरण पर कड़ी निगरानी रखेगी। साथ ही नलकूपों पर पदस्थ पंपमैनों की कार्यप्रणाली पर भी पुलिस की पैनी निगाह रहेगी। पुलिस की माने तो पिछले वर्ष बोरिंगों पर जिन दबंगों ने कब्जा किया था। उन बोरिंगों पर इस बार वे कब्जा नहीं कर पाएंगे।

पानी बेचने वालों की खैर नही

पिछले वर्ष जनता ने पार्षदों पर पानी बेचने का आरोप लगाया था। इसके अलावा शहर के कई जगहों पर एक कट्टी पानी के बदले में कुछ लोग एक रुपए जनता से वसूल करते थे। पानी बेचने वालों पर भी पुलिस की कड़ी निगाह रहेगी। पुलिस सूत्रों के अनुसार इन दिनों पुलिस पानी विक्रय करने वालों की निगरानी कर रही है। अगर कोई व्यक्ति पानी बेचते पाया जाता है, तो उसके खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

क्या कहते है अधिकारी

शहर में पानी की स्थिति क्या है, इसको लेकर सर्वे किया जा रहा है। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। एक रिपोर्ट मैं खुद भी तैयार कर रहा हूं। नगर पालिका अगर पानी वितरण या पेयजल सप्लाई को लेकर सहायता मांगती है, तो पुलिस मदद करेगी। नगर पालिका बोरिंगों पर प्रभावशाली लोगों से मुक्त करने की शिकायत करती है, तो पुलिस मदद करने को तैयार है।

डीसी शर्मा पुलिस अधीक्षक शिवपुरी





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: