News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. बंदियों को गर्मी से निजात दिलाने के लिए जिले की पांचों उपजेलों में एक अप्रैल से नीबू पानी शासन की ओर पिलाया जाएगा। इसके अलावा कोलारस उपजेल में बंदियों को प्याज व धनिया की चटनी और गन्ने का रस दिया जाएगा। कोलारस उपजेल में जन सहायता से गन्ने का रस निकालने की लिए एक मशीन भी लगाई जाएगी।
गर्मी की दस्तक के साथ ही उपजेलों में बंदियों को गर्मी से निजात दिलाने के लिए कार्य योजना जेलर और डिप्टी जेलर तैयार कर रहे है। एक बंदी को एक दिन में एक नीबू गर्मी से राहत दिलाने के लिए दिया जाएगा। करैरा डिप्टी जेलर नारायण सिंह राणा ने बताया कि एक अप्रैल से बंदियों को नीबू पानी पिलाया जाएगा। कोलारस जेलर बीएस मोर्य ने बताया कि बंदियों को गर्मी से राहत देने के लिए गन्ने का रस, प्याज और हरी धनिया की चटनी खिलाई जाएगी।
इस दौरान जेल में अगर बंदी के परिजन जूस या गन्ने का रस लेकर आते है, तो उस पर प्रतिबंध नहीं लगाया जाएगा। बंदी अपने पैसे खर्च कर गन्ने का रस और जूस भी पी सकते है, इसकी व्यवस्था भी की जा रही है। श्री मोर्य ने बताया कि जन सहयोग से उपजेल के भीतर गन्ने का रस निकालने वाली मशीन लगाने का प्रयास भी किया जा रहा है। उधर पोहरी डिप्टी जेलर हरिओम पाराशर का कहना है कि नीबू पानी की व्यवस्था शासन की ओर की गई है। इसी प्रकार शिवपुरी ओर पिछोर उपजेल में भी कैदियों को गर्मी से बचाने के लिए व्यवस्थाए की जा रही है।