Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई.
एक फिल्म अवार्ड समारोह में शाहरुख खान और सैफ अली खान द्वारा किया गया मसखरापन अब उनके लिए महंगा पड़ता जा रहा है। फिल्म जगत की कई दिग्गज हस्तियां उनके इस व्यवहार के खिलाफ आवाज उठा रही हैं।
शाहरुख और सैफ ने जैसे-तैसे अपनी गुस्ताखी के लिए विधु विनोद चोपड़ा से माफी मांगकर उन्हें मनाया, तो अब संजय लीला भंसली ने भी इन दोनों के खिलाफ मोर्चा खोल लिया है। गौरतलब है कि जिस फिल्म अवार्ड समारोह में इन दोनों अभिनेताओं ने विधु सहित कई लोगों को अपने मजाक का पात्र बनाया था, उनमें संजय का नाम भी शामिल है।
संजय ने एक टीवी को दिए साक्षात्कार में कहा है कि दोनों (शाहरुख व सैफ) में डिगनिटी जैसी चीज ही नहीं बची है। संजय ने कहा कि वे दोनों की इज्जत करते हैं, लेकिन इनका इस तरह का व्यवहार समझ से परे है। उन्होंने शाहरुख के साथ काम किया है और ‘किंग खान’ जब मंच पर इस तरह अपने ही क्षेत्र का मजाक उड़ाते हैं, तो अच्छा नहीं लगता।
फिल्म जगत की दिग्गज हस्तियों अमिताभ बच्चन और नसीरुद्दीन शाह का उदाहरण देते हुए संजय ने इशारों-इशारों में ही कहा कि शाहरुख और सैफ जैसे मंझे हुए अभिनेताओं को इनसे सीख लेना चाहिए। ये प्रतिष्ठित नायक कभी इस तरह की ओछी हरकतें नहीं करते।
भंसाली ने आयोजकों को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जिन्होंने शाहरुख और सैफ को यह करने का मौका दिया, उन्हें भी थोड़ी समझ होनी चाहिए। अपने प्लेटफार्म पर अपने ही क्षेत्र का इस तरह मखौल उड़ाना ठीक नहीं है।
हालांकि इसके लिए वह सभी लोग भी जिम्मेदार हैं, जो उस समय बैठकर इन दोनों की बेहूदा ठिठोली का मजा ले रहे थे। संजय ने कहा कि वे अब तक समझ नहीं पा रहे हैं कि आखिर सैफ और शाहरुख ने ऐसा क्यों किया?