नई दिल्ली. प्राइवेट टच्यूशन लेने से इंकार करने पर शिक्षक द्वारा प्रताड़ित की गई 15 साल की रिंकी कौशिक ने तीन महीने कोमा में रहने के बाद बुधवार देर रात दम तोड़ दिया।
मामले के मुताबिक टच्यूशन क्लास में शामिल होने से इंकार करने पर दिनकर मॉडल स्कूल के शिक्षक धीरेंद्र कुमार दिनकर ने रिंकी को छड़ी से पीटा था। सिर में गंभीर दर्द होने की शिकायत के बाद रिंकी को 7 जनवरी को महाराजा अग्रसेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
अस्पताल में कल रात रिंकी ने आखिरी सांस ली। अस्पताल के सीईओ डॉक्टर एमएस गुप्ता ने कहा कि रिंकी को छाती में गंभीर संक्रमण हो गया था साथ ही उसके मस्तिष्क में भी इनफेक्शन हो गया था।
स्कूल के प्राचार्य और शिक्षक के खिलाफ एक एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और लोगों के गुस्से के बाद इस स्कूल की मान्यता भी रद्द की जा चुकी थी।