इंदौर. मध्यप्रदेश पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए प्रतिबंधित संगठन स्टूडेन्ट्स इस्लामिक मूवमेन्ट ऑफ इंडिया (सिमी) के कुछ अहम ओहदेदारों सहित 13 कार्यकर्ताओं को गुरुवार तड़के गिरफ्तार किया।
विशेष पुलिस कार्य बल (एसटीएफ) ने सिमी के जिन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है, उनमें शिवली भी शामिल है, जो दक्षिण भारत में संगठन की गतिविधियों का कर्ताधर्ता है। अभियुयों में हाफिज हुसैन भी शामिल है, जो वर्तमान में कर्नाटक का प्रमुख है। इन लोगों के पास से सात पिस्तौल और अन्य हथियार, कम्प्यूटर और आपत्तिजनक दस्तावेज मिले हैं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि धार जिले के पीथमपुर में की गई इस कार्रवाई में सिमी के पूर्व महासचिव सफदर नागौरी और कमरुद्दीन नागौरी जैसे मास्टर माइंड ओहदेदारों के साथ ही महाराष्ट्र और कर्नाटक में सक्रिय कुछ खास पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी पकड़ा गया है।
सिमी का नाम पिछले साल मुम्बई में लोकल ट्रेनों में हुए विस्फोट के सिलसिले में भी सामने आया था। इसके अलावा अजमेर में दरगाह शरीफ परिसर में हुए विस्फोट सहित आंतक फैलाने की कई अन्य गतिविधियों को लेकर इस संगठन का नाम बार-बार उभरता रहा है।
सूत्रों ने बताया कि केंद्रीय गुप्तचर एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी भी इन लोगों से पूछताछ करेंगे। राज्य पुलिस को उसकी इस बड़ी कामयाबी के लिए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और गृहमंत्री हिम्मत कोठारी ने बधाई दी है।